Sunday, August 23, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

बेहतर प्रदर्शन पर आंचल, आरती और ओजस अविनाश को किया गया पुरस्कृत


भारतीय डाक विभाग, लोहरदगा मंडल द्वारा स्वतंत्रता दिवस एवं रक्षाबंधन के पावन अवसर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “एक राखी जवानों के नाम” के तहत शुक्रवार को पीएमश्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय, नवाड़ी पाड़ा में राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण राम ने की। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में लोहरदगा के पोस्टल इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गान एवं पुष्प गुच्छ देकर अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। मुख्य अतिथि पोस्टल इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि सीमा पर तैनात हमारे वीर सपूत रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर अपने परिवार से दूर रहकर देश की रक्षा में तत्पर रहते हैं। भारतीय डाक विभाग का यह प्रयास है कि आपके नन्हें हाथों से बनी एक-एक राखी उनके हृदय में यह विश्वास जगाए कि पूरा देश उनके साथ है। ये राखियां केवल धागा नहीं, बल्कि कृतज्ञ राष्ट्र का स्नेह हैं। उन्होंने बच्चों को डाक सेवाओं, पत्र-लेखन की लुप्त होती कला और ”ढाई आखर” के महत्व से भी अवगत कराया। प्रधानाध्यापक अरुण राम ने कहा, यह हमारे लिए अत्यंत गौरव का क्षण है कि हमारे विद्यालय के बच्चों की रचनात्मकता अब सरहद तक जाएगी। इस आयोजन से बच्चों में न केवल हस्तकला का विकास हुआ है, अपितु उनमें राष्ट्र के प्रति समर्पण, सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति आस्था और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना भी सुदृढ़ हुई है। प्रतियोगिता में कक्षा प्रथम से अष्टम तक के 120 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने कागज, कपास, रेशमी धागों एवं पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों से अत्यंत आकर्षक एवं सुंदर राखियां बनाईं। श्रेष्ठ तीन राखी बनाने वाले छात्र-छात्राओं में आंचल कुमारी, आरती कुमारी एवं ओजस अविनाश को पुरस्कृत किया गया। चयनित सभी राखियों को भारतीय डाक द्वारा विधिवत पार्सल कर जम्मू-कश्मीर में तैनात भारतीय सेना की टुकड़ियों को प्रेषित किया जाएगा। मौके पर डाक विभाग से पोस्टल असिस्टेंट निकेत भगत, गगन कुमार, सुमित राय तथा विद्यालय परिवार से राहुल कुमार, अनूप एक्का, नेम्हंति मिंज, सुमित्रा टोप्पो, उजबेला तिर्की नीलम कुमारी सहित माता समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles