Friday, April 24, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

बोकारो में दो हत्यारोपी गिरफ्तार:पार्किंग विवाद और 25 हजार की लालच में वारदात, एक आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास


बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में हुई मोईउद्दीन अंसारी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पार्किंग विवाद और 25 हजार रुपए के लालच में यह हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्य और गहन अनुसंधान के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान अर्जुन कुमार तिवारी उर्फ बाबा (24 वर्ष) और धनराज श्रीवास्तव (42 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोईउद्दीन अंसारी की पेंट की दुकान थी, जिसके ग्राहकों की गाड़ियां अक्सर धनराज श्रीवास्तव की मछली की दुकान के सामने खड़ी होती थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। वहीं, धनराज श्रीवास्तव ने अर्जुन तिवारी को 25 हजार रुपए का लालच देकर मोईउद्दीन अंसारी की हत्या करवाई। अर्जुन ने लकड़ी के फट्टे से वार कर मोईउद्दीन अंसारी की जान ले ली। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन, एक कार और घटना स्थल से खून लगा लकड़ी का फट्टा बरामद किया है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी धनराज श्रीवास्तव का पूर्व में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles