![]()
बोकारो जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए जिला समाहरणालय (डीसी ऑफिस) के सामने प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की। जैनामोड़ निवासी मृतका रानी प्रवीण के पिता कुड्डूस अंसारी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि शादी के समय ससुराल पक्ष की सभी मांगें पूरी की गई थीं, इसके बावजूद उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता रहा। ससुराल पक्ष ने बताया बेटी सीढ़ी से गिर गई है: पिता घटना के दिन 3 अप्रैल को ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर बताया गया कि रानी प्रवीण सीढ़ी से गिर गई है। हालांकि, जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया। परिजनों का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। इस घटना से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग डीसी ऑफिस के सामने एकत्रित हुए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और उन्हें सख्त सजा नहीं मिलती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। चास मुफ्फसिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल ने बताया कि विवाहिता के सीढ़ी से गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


