Home india भगवान महावीर का 108 कलशों से होगा अभिषेक, जियो और जीने दो...

भगवान महावीर का 108 कलशों से होगा अभिषेक, जियो और जीने दो का देंगे संदेश

0
भगवान महावीर का 108 कलशों से होगा अभिषेक, जियो और जीने दो का देंगे संदेश


चैत्र शुक्ल त्रयोदशी मंगलवार को अहिंसा के अग्रदूत भगवान महावीर की जयंती मनेगी। इस दिन पटना में सत्य, अहिंसा और अपरिग्रह का संदेश गूंजेगा। श्वेतांबर और दिगंबर दोनों जैन समाज की ओर से अलग-अलग शोभायात्रा निकालने की तैयारी है। दोनों शोभायात्राएं एक ही समय सुबह 8 बजे से निकलेगी। दिगंबर जैन समाज की शोभायात्रा पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, कांग्रेस मैदान से निकलेगी। जबकि पटना जैन श्वेतांबर संघ द्वारा जैन श्वेतांबर मंदिर, नागेश्वर कॉलोनी से शोभायात्रा निकाली जाएगी। दिगंबर जैन समाज की शोभायात्रा का मार्ग और खासियत : कदमकुआं, पीरमुहनी होते हुए मीठापुर स्थित दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगी। यह शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकलेगी, जिसमें जैन परिवारों के पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे शामिल रहेंगे। श्रद्धालु प्राणी मात्र से प्रेम करो.., जियो और जीने दो.., मत करो जीव संहार… आदि भगवान महावीर के संदेश देंगे। जैन संघ पटना के एमपी जैन ने बताया कि शोभायात्रा में महिलाएं स्कूटी पर भी भगवान महावीर के संदेश लिखकर चलेंगी। मीठापुर स्थित जैन मंदिर में भगवान महावीर का 108 कलशों से अभिषेक व आरती होगी। श्वेतांबर जैन समाज की शोभयात्रा व मुख्य आकर्षण : पटना जैन श्वेतांबर श्री संघ की ओर से भगवान महावीर की सवारी श्री जैन श्वेतांबर मंदिर, नागेश्वर कॉलोनी, बाकरगंज से सुबह 8 बजे निकलेगी। यह शोभायात्रा ठाकुरबाड़ी रोड, नाला रोड होते हुए एक्जीविशन रोड स्थित नारायण प्लाजा के चौथे तल्ले पर स्थित ओसवाल भवन पहुंचेगी। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जयंती पर शुभकामनाएं दीं पटना| राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महावीर जयंती पर राज्यवासियों और देशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने संदेश में कहा कि जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी ने सत्य, अहिंसा, त्याग, संयम और अपरिग्रह जैसे उच्च जीवन मूल्यों का मार्ग दिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान महावीर का मूल संदेश सत्य और अहिंसा है, जो आज के समय में सामाजिक सौहार्द और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। इधर, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रदेशवासियों, विशेषकर जैन अनुयायियों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिवस जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के जन्म का प्रतीक है। उनके संदेश समाज को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाते हैं।
दिगम्बर जैन मंदिर में भजन संध्या पटना |महावीर जयंती के तीन दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन सोमवार को कदमकुआं स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में भजन संध्या हुई। चंदा बागड़ा ने महावीर के जीवन और सिद्धांतों का परिचय कराया, फिर शानवी जैन के मंगलाचरण के बाद भजनों ने माहौल को भक्ति से भर दिया। कार्यक्रम में प्रस्तुत जन्म जयंती महावीर की हम मनाते हैं समेत अन्य रचनाओं पर श्रद्धालु भावविभोर दिखे। जैन संघ के मंत्री मुनेश जैन के अनुसार दो सौ से अधिक महिला-पुरुष शामिल हुए। एमपी जैन ने कहा महावीर जयंती अहिंसा, प्रेम और सह-अस्तित्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। तीसरे दिन कांग्रेस मैदान से मीठापुर जैन मंदिर तक शोभायात्रा निकलेगी।

Spread the love

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version