Thursday, June 25, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

भगवा से हरा हुआ राबड़ी देवी का नया सरकारी आवास:39 हार्डिंग रोड पर तेजी से चल रहा काम, 10 सर्कुलर रोड खाली करने 7 दिनों का समय


पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के नए सरकारी आवास का तेजी से पूरा कराया जा रहा है। अब 39, हार्डिंग रोड स्थित नए आवास का रंग लालू परिवार की शिफ्टिंग से पहले पूरी तरह बदल दिया गया है। पहले भगवा रंग में नजर आने वाला यह बंगला अब हरे रंग में रंगा दिखाई दे रहा है। हरा रंग राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राजनीतिक पहचान और चुनाव चिन्ह से भी जुड़ा है। ऐसे में बंगले का रंग बदलने को केवल सामान्य पेंटिंग का काम नहीं, बल्कि एक राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। 39, हार्डिंग रोड स्थित आवास में इन दिनों तेजी से पेंटिंग का काम चल रहा है। पेंटिंग पूरी होने के बाद फर्नीचर शिफ्टिंग, इलेक्ट्रिकल फिटिंग और अन्य काम पूरा किया जाएगा। माना जा रहा है कि जल्द ही राबड़ी देवी इस नए आवास में शिफ्ट हो सकती हैं। नए आवास का रंग बदलने के बाद की तस्वीर देखिए…
राबड़ी आवास खाली करने का अंतिम नोटिस जारी भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए अंतिम नोटिस जारी कर दिया है। विभाग ने 22 जून 2026 को जारी नोटिस में सात दिनों के भीतर बंगला खाली करने का निर्देश दिया है। इस अवधि की अंतिम तिथि 29 जून है। विभाग का कहना है कि इससे पहले भी कई बार पत्र और नोटिस भेजकर आवास खाली करने का अनुरोध किया गया था। 3 जून 2026 को भी सात दिनों के भीतर बंगला खाली करने का नोटिस जारी किया गया था, लेकिन अब तक आवास खाली नहीं किया गया। सरकार पहले ही 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास का आवंटन नंदकिशोर राम के नाम कर चुकी है। हालांकि, राबड़ी देवी द्वारा बंगला खाली नहीं किए जाने के कारण नए आवंटी को अब तक इसका कब्जा नहीं मिल पाया है। भवन निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि 29 जून तक आवास खाली नहीं किया गया तो बिहार सरकारी परिसर अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नए आवास का रंग बदलने से पहले की तस्वीर…
लालू को संक्रमण से बचाने के लिए विशेष इंतजाम राबड़ी देवी ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर बताया था कि लालू प्रसाद यादव कई स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्हें संक्रमण से बचाने के लिए डॉक्टरों ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उन्हें पेंट और रासायनिक गंध से एलर्जी भी है। सीढ़ियां चढ़ने और उतरने में भी परेशानी है। इसी वजह से नए आवास में लालू यादव के लिए ग्राउंड फ्लोर पर विशेष कमरा बनाया जा रहा है। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उन्हें संक्रमण से बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्यों से अलग रहने की व्यवस्था भी की जा रही है। 8 कमरों के साथ 3 बालकनी भी है बंगले के अंदर कुल 8 बड़े कमरे हैं। इसके अलावा 3 बालकनी भी बनाई गई हैं। ग्राउंड फ्लोर और ऊपरी मंजिल को जोड़ने के लिए अंदर और लॉन की तरफ से सीढ़ियों की व्यवस्था है। आवास का पूरा ढांचा खुला और विशाल है, जिससे परिवार के कई सदस्य आराम से रह सकते हैं। मंत्रियों को मिलने वाले आवासों में दूसरा सबसे बड़ा आवास 39 हार्डिंग रोड बिहार सरकार के मंत्रियों को मिलने वाले सबसे बड़े आवासों में शामिल है। यह बंगला बिहार में मंत्रियों को मिलने वाले आवासों में दूसरा सबसे बड़ा आवास माना जाता है। इससे बड़ा आवास इसके ठीक बगल में स्थित मकान संख्या-40 है। अभी बड़े पैमाने पर मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। गार्डन से लेकर पूरे भवन तक पेंटिंग और फिनिशिंग का काम जारी है। पेंटिंग के लिए एशियन पेंट मंगवाया गया है। सभी कमरों को मॉडर्न तरीके से तैयार किया जा रहा है। नए मार्बल लगाए जा रहे हैं और पूरे बंगले को नए लुक में ढाला जा रहा है। राबड़ी देवी ने मांगा एक महीने का समय राबड़ी देवी ने सरकार को पत्र लिखकर कुछ दिन पहले ही 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने के लिए एक महीने का अतिरिक्त समय मांगा है। उन्होंने कहा है कि जैसे ही नए आवास में सभी आवश्यक कार्य पूरे हो जाएंगे, वह अपने परिवार के साथ वहां शिफ्ट हो जाएंगी और वर्तमान सरकारी आवास खाली कर देंगी। खत्म हो चुकी है बंगला खाली करने की समय सीमा 25 नवंबर 2025 को सरकार ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली करने का आदेश दिया था। बाद में 30 मई को फिर नोटिस जारी कर 15 दिनों की मोहलत दी गई थी। इसके अनुसार उन्हें 14 जून तक आवास खाली करना था। 15 जून की समय सीमा बीत जाने के बाद भी बंगला खाली नहीं किया गया। इससे पहले 7 जून को सांसद मीसा भारती ने कहा था कि परिवार 15 दिनों में आवास खाली कर देगा। सरकार समय देगी या सख्त कदम उठाएगी राबड़ी देवी के बंगला खाली नहीं करने के बाद अब फैसला सरकार और भवन निर्माण विभाग के हाथ में है। सरकार को तय करना होगा कि उन्हें अतिरिक्त समय दिया जाए या फिर कोई दूसरा कदम उठाया जाए। राबड़ी देवी पहले ही इस मुद्दे पर सरकार को चुनौती दे चुकी हैं। 30 मई को उन्होंने कहा था, “सम्राट नए-नए मुख्यमंत्री बने हैं, वो फोर्स बुलाकर बंगला खाली करवा लें, मैं बंगला खाली नहीं करूंगी।” अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार राबड़ी देवी को एक महीने की अतिरिक्त मोहलत देती है या फिर 10 सर्कुलर रोड बंगला खाली कराने के लिए कोई सख्त कदम उठाती है। 2005 से 10 सर्कुलर रोड में रह रहा है लालू-राबड़ी परिवार 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला वर्ष 2005 में राबड़ी देवी को आवंटित किया गया था। राजद के सत्ता से बाहर होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री के नाते उन्हें यह आवास मिला था। करीब दो दशक से राबड़ी देवी अपने पति लालू प्रसाद यादव और छोटे बेटे तेजस्वी यादव के साथ इसी आवास में रह रही हैं। वहीं विपक्ष के नेता होने के नाते तेजस्वी यादव को 1 पोलो रोड स्थित बंगला भी आवंटित है, जहां वह अपना राजनीतिक कार्यालय चलाते हैं। भवन निर्माण विभाग ने 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला अब डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles