![]()
भागलपुर की जगदीशपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। भागलपुर–दुमका मुख्य मार्ग स्थित अस्पताल चौक के पास शुक्रवार को 99 बोतल विदेशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस को देखते ही तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस जब्त मोटरसाइकिल के आधार पर उसकी पहचान में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। झारखंड की ओर से एक युवक मोटरसाइकिल पर विदेशी शराब की खेप लेकर भागलपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान अस्पताल चौक के पास पुलिस की मौजूदगी देखकर वह घबरा गया। भागने के प्रयास में उसकी मोटरसाइकिल पुलिस गाड़ी से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। 19 लीटर विदेशी शराब जब्त, तस्कर फरार इसके बावजूद वह तेजी से उठकर बाइक और शराब छोड़ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल बाइक को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से करीब 19 लीटर विदेशी शराब, कुल 99 बोतल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर जगदीशपुर थाना पहुंचाया और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच पुलिस की चौकसी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। अस्पताल चौक पर पुलिस चेक पोस्ट पर नियमित रूप से एक दरोगा और चार पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है। लोगों ने इस मामले में पुलिस की निगरानी व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है। जगदीशपुर थाना अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने 99 बोतल विदेशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन और अन्य तकनीकी सबूत के आधार पर फरार तस्कर की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
