Wednesday, August 19, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

भागलपुर से बंगाल का सफर होगा आरामदायक, कोलकाता-दुर्गापुर-सिलीगुड़ी के लिए चलेगी सरकारी AC बस, नवंबर में आएंगी बसें

Bhagalpur News: भागलपुर से बंगाल जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब कोलकाता और दुर्गापुर जैसे शहरों के लिए सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही सरकारी एसी बस की सुविधा मिल सकेगी. पथ परिवहन निगम के भागलपुर प्रमंडल को नवंबर में 11 नई एसी बसें मिलने जा रही हैं. इनमें चार बसें भागलपुर डिपो को मिलेंगी.

इन बसों का परिचालन छठ पूजा तक शुरू करने की तैयारी है. यानी इस साल छठ के आसपास यात्रियों को लंबी दूरी के सफर के लिए सरकारी एसी बस का नया विकल्प मिल सकता है. खास बात यह है कि भागलपुर पथ परिवहन निगम को पहली बार एसी बस मिलने जा रही है.

कोलकाता और दुर्गापुर के साथ सिलीगुड़ी तक मिलेगी बस

नई एसी बसों के आने के बाद भागलपुर से पश्चिम बंगाल के कोलकाता और दुर्गापुर के लिए बस सेवा शुरू करने की योजना है. इसके अलावा सिलीगुड़ी के लिए भी बस चलाने की तैयारी है.

अभी भागलपुर पथ परिवहन निगम की ओर से बंगाल के लिए नियमित बस सेवा नहीं है. लंबी दूरी की यात्रा के लिए एसी बस उपलब्ध नहीं होने को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है. अब सरकारी बेड़े में एसी बस शामिल होने के बाद इस कमी को दूर करने की कोशिश होगी.

इससे भागलपुर के अलावा आसपास के जिलों के यात्रियों को भी लाभ मिल सकता है. यात्रियों को लंबी दूरी के सफर के लिए ट्रेन के अलावा सरकारी बस का विकल्प मिलेगा.

भागलपुर को चार, मुंगेर-जमुई को तीन-तीन बसें

पथ परिवहन निगम के भागलपुर प्रमंडल के लिए कुल 11 एसी बसें उपलब्ध करायी जायेंगी. इनमें चार बस भागलपुर पथ परिवहन निगम डिपो को मिलेंगी. वहीं मुंगेर और जमुई डिपो को तीन-तीन एसी बस दी जायेंगी.

भागलपुर डिपो में अब तक कई नई बसें आयी हैं, लेकिन एसी बस का इंतजार बना हुआ था. पहली बार एसी बस मिलने से डिपो की लंबी दूरी की बस सेवा को विस्तार मिलने की उम्मीद है.

दूर के सफर में यात्रियों को मिलेगा आराम

भागलपुर से कोलकाता, दुर्गापुर और सिलीगुड़ी की दूरी काफी अधिक है. ऐसे में एसी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को गर्मी और लंबी यात्रा के दौरान अपेक्षाकृत आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा.

अभी इन मार्गों पर निजी ऑपरेटरों की एसी बसें, खासकर रात के समय, चलती हैं. सरकारी एसी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों के सामने एक और विकल्प उपलब्ध होगा.

निगम को उम्मीद है कि लंबी दूरी की बस सेवा शुरू होने से यात्रियों के साथ राजस्व में भी वृद्धि होगी.

पटना से आयी चार बसें रांची-बोकारो जायेंगी

भागलपुर को सिर्फ बंगाल के लिए ही नई बस सेवा मिलने वाली नहीं है. पटना से आयी चार बसों को भी सावन के बाद रांची और बोकारो के लिए चलाने की तैयारी है.

इसके लिए पथ परिवहन निगम भागलपुर की ओर से झारखंड का परमिट लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. परमिट मिलने के बाद इन बसों का परिचालन शुरू किया जायेगा.

रांची और बोकारो के लिए बस सेवा शुरू करने की योजना लंबे समय से चल रही थी, लेकिन अब इसे धरातल पर उतारने की तैयारी तेज हो गयी है.

रांची-बोकारो के लिए तय हुआ रूट

रांची और बोकारो के लिए बस परिचालन का रूट भी तय किया जा चुका है. इससे भागलपुर के यात्रियों को झारखंड की ओर जाने के लिए सरकारी बस सेवा का विकल्प मिलेगा.

फिलहाल डिक्सन मोड़ से रांची और झारखंड के अन्य जिलों के लिए निजी बसों का परिचालन होता है. सरकारी बस सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को परिवहन का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा.

छठ से पहले बस सेवा शुरू करने की तैयारी

भागलपुर प्रमंडल में नवंबर में 11 एसी बसें मिलने की उम्मीद है. विभाग की योजना इन बसों को छठ पूजा तक परिचालन में लाने की है. छठ के दौरान बिहार और दूसरे राज्यों के बीच यात्रियों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है.

ऐसे में यदि निर्धारित समय पर बसें उपलब्ध हो जाती हैं और परमिट संबंधी प्रक्रिया पूरी होती है, तो त्योहार के दौरान यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिल सकता है.

Bhagalpur News: निगम के बेड़े में पहली बार शामिल होगी AC बस

पथ परिवहन निगम भागलपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि भागलपुर को पहली बार एसी बस मिलने जा रही है. उन्होंने कहा कि भागलपुर प्रमंडल के लिए कुल 11 एसी बसें मिलेंगी, जिनमें चार बसें भागलपुर डिपो को दी जायेंगी. इन बसों के माध्यम से बंगाल के प्रमुख शहरों के लिए सेवा शुरू करने की तैयारी है.

अमित कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, पथ परिवहन निगम भागलपुर ने बताया कि एसी बसें मिलने के बाद लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा.

Also Read: अक्टूबर से फिर बिहार के लोगों के बीच जाएंगे नीतीश कुमार? संजय झा से मुलाकात के बाद बढ़ी सियासी हलचल

Also Read: पटना नगर निगम ने अपने ही मेयर को थमाया नोटिस, 26 हजार आवासीय संपत्तियों पर सीलिंग का खतरा

The post भागलपुर से बंगाल का सफर होगा आरामदायक, कोलकाता-दुर्गापुर-सिलीगुड़ी के लिए चलेगी सरकारी AC बस, नवंबर में आएंगी बसें appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles