![]()
लोहरदगा, भारी बारिश के बावजूद लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जिला समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर खनिज अधिनियम कानून 2026 और चंदा चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखेर भगत ने की। धरना-प्रदर्शन में लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव और जिला कांग्रेस कमेटी प्रभारी आलोक कुमार दूबे विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ता हाथों में विभिन्न नारों और संदेशों वाली तख्तियां लेकर धरना पर बैठे थे। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि “जल हमारा, जमीन हमारी, खनिज हमारा, प्रदूषण हमारा, विस्थापन हमारा और फैसला दिल्ली का-यह नहीं होगा।” उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा के दोहन का खामियाजा स्थानीय लोगों को विस्थापन और प्रदूषण के रूप में भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार का निर्णय झारखंड के हित में नहीं है और इसका विरोध जारी रहेगा। विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि झारखंड के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में सर्वोच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण निर्णय के बाद राज्यों के खनिज अधिकारों पर कर लगाने का अधिकार स्पष्ट हुआ। इसके आधार पर राज्य सरकार ने कोयले को छोड़कर अन्य खनिजों पर सेस लगाना शुरू किया है। उनके अनुसार इससे वर्ष 2025-26 और 2026-27 में राज्य को लगभग 13 करोड़ रुपये सालाना अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने लगा है। डॉ. उरांव ने कहा कि इस राजस्व का उपयोग धोती-साड़ी योजना, मंईयां सम्मान योजना, राशन कार्ड, पेंशन समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं में किया जा रहा है। जिला कांग्रेस प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर खनिज अधिनियम 2026 और चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की नजर झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों पर है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखेर भगत ने कहा कि अधिकार की लड़ाई कांग्रेस ने पहले भी लड़ी है और आगे भी पूरी मजबूती से लड़ेगी। धरना-प्रदर्शन के बाद सांसद सुखदेव भगत, जिला कांग्रेस प्रभारी आलोक कुमार दूबे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखेर भगत, निशित जायसवाल, मोहन दूबे एवं साजिद अहमद बेलू ने राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त लोहरदगा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम में रोहित उरांव, विनय उरांव, निसार अहमद, आलोक साहू, विशाल डुंगडुंग, सीमा परवीन, मुजम्मिल अंसारी, शाहिद अहमद बेलू, दीपक महतो, ऐनूल अंसारी, रविन्दर खैरवार, जुगल भगत, अनीस अहमद, बुद्धदेव उरांव, तनवीर गौहर, सत्यदेव भगत, यूनुस अंसारी, मुनीम अंसारी, सुशीला देवी, संतोषी उरांव, मस्ताक अंसारी, सरिता खलखो, हरि भगत और मुनवर आलम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
भारी बारिश में भी कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, खनिज अधिनियम और चंदा चोरी के मुद्दे पर केंद्र को घेरा
