Sunday, June 14, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

भोजपुर में राजस्व कर्मचारी को जान से मारने की धमकी:हथियारबंद युवकों पर कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप; सुरक्षा की लगाई गुहार


भोजपुर जिला मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी ने नवादा थाना में लिखित आवेदन देकर तीन नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार बहुआरा गांव निवासी विष्णु देव सिंह वर्तमान में अंचल कार्यालय आरा सदर में राजस्व कर्मचारी एवं प्रभारी अंचल निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने आवेदन में बताया है कि घटना वाले दिन मौलाबाग क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने से संबंधित सरकारी कार्य में लगे हुए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे कार्यालय लौटने के बाद अन्य कर्मचारियों के साथ लंबित कार्यों के निष्पादन में जुटे थे। फोन पर काम करने का बनाया प्रेशर आवेदन के अनुसार शाम करीब साढ़े छह बजे अर्पित कुमार ने उनके मोबाइल नंबर पर फोन कर किसी कार्य को लेकर दबाव बनाया। इस दौरान उसने कहा कि अगर उसका और उसके साथियों का काम नहीं हुआ तो परिणाम भुगतने होंगे। विष्णु देव सिंह ने फोन पर सभी का कार्य नियमानुसार करने की बात कही। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद करीब सात बजे अर्पित कुमार अपने कई साथियों के साथ अंचल कार्यालय पहुंच गया। सभी लोगों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था और उनके पास हथियार भी मौजूद थे। उस समय विष्णु देव सिंह कार्यालय में ऑपरेटर अमित कुमार के साथ ऑनलाइन पोर्टल से संबंधित कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जबरन कार्यालय से बाहर ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर खींचतान और मारपीट की भी कोशिश की गई।
सुरक्षा की लगाई गुहार पीड़ित कर्मचारी का कहना है कि कार्यालय में मौजूद वरीय लिपिक सचिन कुमार सिंह और ऑपरेटर अमित कुमार ने हस्तक्षेप कर किसी तरह उनकी जान बचाई। सभी आरोपी हथियार के बल पर अपना काम करवाना चाहते थे और लगातार धमकी दे रहे थे। आवेदन में यह भी कहा गया है कि उनका परिवार ब्लॉक रोड स्थित सरकारी आवास में रहता है, जिससे उन्हें और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। नवादा थाना पुलिस ने अर्पित सिंह, सुबोध कुमार, मोहम्मद अजहर समेत अन्य पांच संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles