उत्तर प्रदेश के मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में बिहार के बक्सर जिले के दो युवकों की मृत्यु हो गई। यह घटना सरयू नदी पर बने पुराने पुल पर हुई। दोनों युवक नेपाल यात्रा से लौटकर अपने घर वापस आ रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और उन्हें कुचल दिया। चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान बक्सर नगर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन निवासी 26 वर्षीय मुकेश कुमार मिश्रा (पिता संजय मिश्रा) और 27 वर्षीय अभिषेक सिंह उर्फ राज सिंह के रूप में हुई है। गोरखपुर के रास्ते अपने बक्सर लौट रहे थे दोनों गहरे मित्र थे और घूमने के शौकीन बताए जाते हैं। परिवार के सदस्यों के अनुसार, दोनों युवक 15 जून को अपनी मोटरसाइकिल से नेपाल भ्रमण के लिए निकले थे। कई दिनों तक नेपाल में घूमने के बाद वे शनिवार को गोरखपुर के रास्ते अपने घर बक्सर लौट रहे थे। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी टक्कर जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे दोनों युवक पुराने सरयू पुल को पार कर दोहरीघाट कस्बे की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इसके बाद ट्रेलर चालक ने वाहन नहीं रोका और दोनों युवकों को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दोहरीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के कारण सरयू पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, जिसे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल हटाकर सामान्य कराया। थानाध्यक्ष बोले-दोनों युवक बक्सर के रहने वाले थानाध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों युवक बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले थे और नेपाल घूमकर वापस लौट रहे थे। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी है तथा जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही बक्सर पहुंची, पूरे जिले में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार मिश्रा अपने मिलनसार स्वभाव, हंसमुख व्यक्तित्व और सामाजिक कार्यों के कारण इलाके में काफी लोकप्रिय थे। शादी के महज चार महीने बाद हादसे में मौत वहीं अभिषेक सिंह उर्फ राज सिंह की जिंदगी अभी नई शुरुआत ही हुई थी। उनकी शादी इसी वर्ष 24 फरवरी 2026 को हुई थी। शादी के महज चार महीने बाद इस हादसे में उनकी मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद जिलेभर में लोग शोक व्यक्त कर दोनों दिवंगत युवकों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

