![]()
परबत्ता (खगड़िया)। मड़ैया थाना पुलिस ने शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल्हड़िया-कोलवारा सड़क स्थित कोलवारा बहियार के एक मक्का खेत से विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 336 बोतल शराब जब्त करने के साथ मौके पर निगरानी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान कोलवारा गांव निवासी विवेक कुमार के रूप में की गई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरुवार देर रात शराब की एक बड़ी खेप कोलवारा गांव पहुंचाई गई है। कारोबारियों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए शराब को बहियार स्थित मक्का के खेत में छिपाकर रखा था। सूचना मिलते ही मड़ैया थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पुलिस टीम का गठन किया। टीम देर रात ही कुल्हड़िया-कोलवारा सड़क स्थित बहियार की ओर रवाना हो गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध इलाके की घेराबंदी कर गहन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के बाद मक्का के घने खेत में कार्टूनों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद कर ली गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां मौजूद एक युवक को हिरासत में लिया, जो शराब की खेप की कथित तौर पर निगरानी कर रहा था। पूछताछ में उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से बरामद सभी शराब को जब्त कर थाने लाया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 336 बोतल शराब बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

