![]()
मधेपुरा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने के लिए शुक्रवार को विद्युत कार्यालय परिसर में सोलर मेला लगाया गया। मेले का उद्घाटन डीडीसी अनिल बसाक ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। दोपहर 12 बजे तक 50 से अधिक लोगों ने योजना के तहत आवेदन किया। सब्सिडी और सोलर पैनल की जानकारी दी मेले में विभिन्न कंपनियों की ओर से सोलर पैनल, इन्वर्टर, बैटरी और सोलर लाइटिंग सिस्टम समेत अन्य उपकरणों के स्टॉल लगाए गए। विशेषज्ञों ने लोगों को सौर ऊर्जा के फायदे, लागत, सब्सिडी और सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। विभिन्न बैंकों के स्टॉल पर उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगाने के लिए मिलने वाले ऋण की जानकारी भी दी गई। देखें, मौके से आई तस्वीरें… पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएं डीडीसी अनिल बसाक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं की मासिक बिजली खपत 200 यूनिट से अधिक है, उन्हें चिन्हित कर सोलर सिस्टम लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही वेंडरों को इंस्टॉलेशन में सहयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने बैंकों के अधिकारियों से ऋण स्वीकृति की स्थिति की जानकारी ली और कम संख्या में ऋण स्वीकृत होने पर तेजी लाने के निर्देश दिए। सब्सिडी की राशि उपभोक्ताओं के खाते में पहुंचाएं कहा कि लोन जल्द स्वीकृत किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं के घरों में सोलर पैनल जल्द लगाया जा सके। आवेदन के त्वरित निष्पादन और सब्सिडी की राशि समय पर लाभुकों के खाते में पहुंचाने को भी कहा। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी दी जा रही है। सोलर सिस्टम से बिजली उत्पादन कर उपभोक्ता अपनी खपत कम कर सकते हैं और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं। विभाग के अनुसार कई उपभोक्ताओं की बिजली खपत सोलर सिस्टम लगने के बाद शून्य तक पहुंची है। मेले में विद्युत अधीक्षण अभियंता संतोष कुमार, वरीय राजस्व प्रबंधक दीपक कुमार, कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार व राजीव रंजन, जेई सुशील कुमार बैंक प्रतिनिधि, वेंडर और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

