बड़की सरिया | सरिया प्रखंड की घुटीया पेसरा पंचायत में शुक्रवार को मनरेगा के तहत सोशल ऑडिट हुआ। ऑडिट में योजनाओं के क्रियान्वयन, कार्यस्थलों की स्थिति और मजदूरी भुगतान की समीक्षा की गई। ग्रामीणों की शिकायतों पर जनसुनवाई भी हुई और मामलों के निपटारे की प्रक्रिया शुरू की गई। जनसुनवाई की अध्यक्षता सहायक तकनीकी प्रबंधक मनीष मंडल ने की। उन्होंने बताया कि कुल 46 मामले सामने आए हैं। इनकी जांच और निष्पादन के लिए संबंधित पक्षों को निर्देश दिए गए हैं। मंडल ने कहा कि सोशल ऑडिट का उद्देश्य मनरेगा में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। उन्होंने मजदूरों से भुगतान, कार्य आवंटन और अन्य समस्याएं जनसुनवाई में दर्ज कराने को कहा।


