Tuesday, September 1, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

मामी को देखने गया, तब से मुझे पसंद करती थी:शादी के 8 साल बाद तलाक देकर मुझसे शादी की, मामा ने मेरी पत्नी को गोली मारी


‘मेरी पत्नी मेरी मामी है। मेरे मामा की शादी 10 साल पहले हुई थी। शादी के पहले मैं भी मामा के साथ मामी को देखने गया था। देखने के दौरान ही मामी ने मुझे पंसद कर लिया था। हालांकि, मामा की शादी हो गई। करीब 5 साल बाद मैं ननिहाल गया। इस दौरान मामी ने मुझे बताया कि मैं तो आपको पसंद करती थी। मजबूरी में आपके मामा से शादी करनी पड़ी। इसके बाद मैं ननिहाल जाने के बहाने मामी से मिलने जाने लगा। उधर, मामी ने मेरे बारे में मामा को बता दिया था, लेकिन मामा ने इसे मजाक समझा था। जब मैं मामी से मिलने के बहाने ननिहाल ज्यादा आने-जाने लगा तो मामा को शक हुआ। फिर मामा और मामी के बीच विवाद हुआ। दो साल पहले दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद मैंने मामी से शादी कर ली। मामा मेरी शादी से भड़क गए। उन्होंने ही 28 अगस्त की देर रात एक बजे मेरी पत्नी को गोली मार दी।’ बेगूसराय के सिंघौल थाना क्षेत्र के आकाशपुर गांव के रहने वाले 28 साल के रघुवंश पासवान ने दैनिक भास्कर को ये कहानी बताई। रघुवंश की पत्नी 27 साल की राखी देवी अस्पताल में एडमिट है। उनके सीने में 28 अगस्त को गोली मारी गई थी। रघुवंश का आरोप है कि मामा पिंटू पासवान(32) ने ही मेरी पत्नी को गोली मारी है। रघुवंश और राखी की प्रेम कहानी क्या है? राखीऔर पिंटू पासवान की शादी के बाद क्या-क्या हुआ? रघुवंश ने आरोपों को लेकर क्या-क्या बताया? पुलिस का इस मामले में क्या कहना है? पढ़िए पूरी रिपोर्ट। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला रघुवंश पासवान ने बताया कि 10 साल पहले यानी 2016 में मेरे मामा पिंटू कुमार पासवान की शादी होने वाली थी। धनबाद से लड़की और उसके परिवार वाले मेरे मामा को देखने के लिए हाथिदह में स्थित दुखहरण महादेव शिव मंदिर पर आए थे। मैं भी मामा पिंटू के साथ मंदिर गया था। रघुवंश ने बताया कि राखी के घरवालों ने तो मामा पिंटू को पसंद कर लिया, लेकिन राखी को लगा कि मैं ही लड़का हूं और उसने मुझे पसंद कर लिया। इसके बाद मामा पिंटू और राखी की अशोक धाम मंदिर में शादी हुई, शादी में मैं नहीं गया था। शादी में ही राखी ने जब मेरे मामा पिंटू पासवान को दूल्हे के रूप में देखा तो उन्होंने विरोध किया और कहा कि मुझे लड़का पसंद नहीं है, जिस लड़के को मैंने पसंद किया था, वो दूसरा लड़का था, लड़का बदल दिया गया है। रघुवंश ने बताया कि राखी शादी में रोने लगी थी। इसके बाद मेरे मामा के ससुर ने राखी को काफी समझाया, अपनी इज्जत की दुहाई दी, फिर राखी शादी के लिए तैयार हो गई और दोनों की घर, परिवार के लोगों की मौजूदगी में शादी करा दी गई। शादी के बाद मामा-मामी महेंद्रपुर आए। दोनों किसी तरह साथ रहने लगे। अब रघुवंश और राखी की प्रेम कहानी जानिए रघुवंश ने बताया कि करीब 5 साल बाद मैं अपनी बहन के साथ मामा पिंटू पासवान के घर गया। इस दौरान मामी ने मेरी बहन को बुलाया और मुझे दिखाकर पूछा कि ये लड़का कौन है। मेरी बहन ने मेरे बारे में बताया कि ये मेरा भाई और आपका भांजा रघुवंश है। इसी दौरान मामी राखी ने मेरी बहन को बताया कि यही वो लड़का है, जिसे मैंने शादी के लिए पसंद किया था, लेकिन मेरी शादी मेरी मर्जी के खिलाफ आपके मामा पिंटू से करा दी गई। ये जानने के बाद रघुवंश और उसकी बहन अपने घर चले आए। हालांकि, उनके जाने के बाद राखी ने पूरी कहानी अपने पति पिंटू पासवान को बताई। पिंटू को लगा कि दो बच्चे हो गए हैं, शादी के पांच साल भी हो गए हैं, अब राखी कहां जाएगी। उसने राखी की बातों को इग्नोर कर दिया। उधर, रघुवंश की बहन ने भी राखी की कहानी उससे बताई। इसके बाद रघुवंश समय-समय पर राखी से मिलने ननिहाल जाने लगा। इस बीच पिंटू पासवान को शक हुआ और उसने एक दिन आपत्तिजनक हालत में रघुवंश और राखी को पकड़ लिया। इसके बाद से राखी और पिंटू के बीच झगड़ा होने लगा। पिंटू ने अपनी बहन यानी रघुवंश की मां से भी बात की। हालांकि, रघुवंश ने अपनी मां की बात को माना, लेकिन चोरी से कभी-कभी मामा के घर जाने लगा। उधर, राखी और पिंटू को तीसरा बेटा हुआ। लेकिन झगड़ा बरकरार रहा। 2 सास पहले यानी 2024 में मामला पंचायत तक पहुंचा, जिसके बाद पिंटू ने कागजात बनवाकर अपनी पत्नी को सामाजिक तौर पर छोड़कर उसे मायके धनबाद भेज दिया। हालांकि, मामी ने जाते वक्त कहा कि हो सकता है कि मैं रिश्ता निभा लूं, क्योंकि तीन बच्चे हैं और उनके लिए मैं 15 दिन बाद ही लौट आऊंगी। लेकिन मामी के धनबाद जाते ही मामा पिंटू मामी के घर के आसपास के लोगों को फोन कर मेरे और मामी के अवैध संबंधों की जानकारी देने लगे। ‘मामी ने अवैध संबंध की बात सुनी तो कोर्ट में तलाक का केस डाल दिया’ वहीं, बेगूसराय के कल्पना नर्सिंग होम में इलाज करा रही राखी ने बताया कि जब मैंने ये सुना कि मेरे पति पिंटू पासवान मेरे पड़ोसियों को फोन कर मुझे बदनाम कर रहे हैं, तो मैंने तलाक का केस फाइल कर दिया। कुछ ही महीने में तलाक हो गया। उन्होंने बताया कि तलाक में शर्त थी कि 6 महीना तक दोनों में से कोई शादी नहीं करेगा। लेकिन 15 दिन में ही मेरे पति पिंटू पासवान ने दूसरी शादी कर ली। उधर, मेरे भांजे रघुवंश को सारी जानकारी मिल रही थी। मेरे प्रति उसे सहानुभूति थी। उसने उसी समय तय किया कि मेरे कारण मामा-मामी का रिश्ता खराब हुआ है, मामा का तो घर बस गया, लेकिन मामी का क्या होगा? राखी ने बताया कि रघुवंश ने एक दिन मुझे कॉल किया और शादी का प्रपोजल रखा। मैंने भी सोचा कि अकेले मायके में कब तक रहूंगी। फिर मैंने रघुवंश से शादी के लिए हां कर दी। करीब पौने दो साल पहले हम दोनों ने धनबाद में ही एक मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद रघुवंश ने मेरे तीनों बच्चों को भी अपने साथ आकाशपुर स्थित घर लेकर आ गया। घायल राखी ने बताया कि 28 अगस्त को मैं अपने पति रघुवंश और तीनों बच्चों के साथ छत पर सो रही थी। तभी किसी ने मुझे गोली मार दी। गोली लगने के बाद मैं चिल्लाई तो रघुवंश की नींद खुली, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। हम दोनों ने गोली मारने वाले का चेहरा नहीं देखा था। गोली लगने के बाद रघुवंश तत्काल मुझे लेकर अस्पताल पहुंचे। मैं पिछले चार दिनों से इलाज करा रही हूं। घायल के पति रघुवंश ने कहा- मामा ने ही गोली मारी है वहीं, राखी के पति रघुवंश ने कहा कि मेरे मामा पिंटू पासवान ने ही मेरी पत्नी के सीने में गोली मारी है। गोली अभी भी मेरी पत्नी के सीने में फंसी हुई है। डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं। वहीं, घायल महिला के भाई विजय कुमार पासवान के बयान पर सिंघौल थाना में मामला दर्ज कराया गया है, जिसमें राखी के पहले पति पटना जिला के हाथिदह थाना क्षेत्र स्थित महेंद्रपुर गांव के रहने वाले पिंटू पासवान समेत चार को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने इस मामले में पिंटू पासवान सहित दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी सहित अन्य कार्रवाई चल रही है। इस संबंध में बेगूसराय एसपी मनीष का कहना है, घायल महिला के भाई विजय पासवान ने राखी के पहले पति पिंटू पासवान पर अपने सहयोगियों के साथ आकाशपुर में छत पर चढ़कर गोली मारने की बात कही है। इसके आधार पर मुख्य आरोपी पिंटू पासवान एवं उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार भी किया गया है। पूछताछ एवं आगे की कार्रवाई चल रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles