![]()
मुजफ्फरपुर के सदर थाना के सब्जी मंडी में सोमवार देर शाम एक युवती की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना को मृतका के प्रेमी राहुल कुमार यादव ने अंजाम दिया है। एफआईआर के मुताबिक, युवती और राहुल कुमार यादव के बीच प्रेम संबंध थे। हाल के दिनों में राहुल, निशा को प्रताड़ित कर रहा था। आरोप है कि राहुल उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था। क्योंकि, लड़की उससे मिलने से मना कर रही थी। इस ब्लैकमेलिंग के कारण लड़की मानसिक तनाव में थी और आरोपी से ऐसा न करने की लगातार गुहार लगा रही थी। मंदिर के पास लड़के ने मिलने के लिए बुलाया था कल राहुल ने युवती को सब्जी मंडी स्थित हनुमान मंदिर के पास बातचीत के लिए बुलाया था। लड़की ने अपनी बड़ी बहन को बताया था कि वह राहुल से मिलकर विवाद सुलझाने जा रही है। इसके बाद वह घर से निकली थी। चश्मदीदों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंदिर के पास दोनों के बीच लगभग आधे घंटे तक बातचीत हुई, जो बाद में तीखी बहस में बदल गई। बहस के दौरान राहुल ने तैश में आकर कट्टा निकाला और लड़की के सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल मौके से फरार हो गया। पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज इस मामले में मृतिका के पिता के बयान पर राहुल कुमार यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पिता ने आरोप लगाया है कि राहुल उनकी बेटी को लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था और जान से मारने की धमकी देता रहता था। एसडीपीओ नगर-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि पुलिस को ठोस सबूत मिले हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम टेक्निकल सर्विलांस और बरामद मोबाइल के डेटा के आधार पर राहुल के छिपने के ठिकानों का पता लगा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हो रही छापेमारी सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि युवती की पहचान कर ली गई है। वह बीबीगंज इलाके की रहने वाली थी। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

