![]()
नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और लाठीचार्ज के विरोध में आज बिहार बंद का आह्वान किया गया है। यह बंद एआईएसए और राष्ट्रीय युवा आंदोलन द्वारा बुलाया गया है। मुंगेर में पुलिस प्रशासन पहले से ही अलर्ट पर है, लेकिन जिले में अब तक बंद का कोई बड़ा असर देखने को नहीं मिला है। बंद के मद्देनजर, शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। शुक्रवार को भी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस जवानों ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की थी। संवेदनशील जगहों पर पुलिस तैनात जमालपुर और मुंगेर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य संवेदनशील जगहों पर रेल पुलिस और बिहार पुलिस के जवान तैनात हैं, जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं। मुंगेर बाजार में दुकानदारों के बीच संशय की स्थिति बनी हुई है; कुछ दुकानें खुली हैं, जबकि अधिकांश बंद हैं। हालांकि, फुटकर दुकानदारों ने अपने ठेले लगाए हुए हैं। मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने जिले के सभी थानों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के लिए भी कहा है।

