![]()
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र की 13 साल की एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। छात्रा शनिवार शाम को स्कूल के एक कार्यक्रम में शामिल होने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पिता ने स्कूल के एक शिक्षक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पिता के अनुसार, उनकी बेटी बजरंगपुरी स्थित एक निजी विद्यालय में आठवीं कक्षा की छात्रा है। शनिवार शाम करीब 4 बजे उसने अपनी मां को बताया कि स्कूल में एक विशेष कार्यक्रम है और वह एक घंटे में लौट आएगी। जब काफी देर होने के बाद भी बेटी घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सगे-संबंधियों और सहेलियों के यहां पूछताछ करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार की चिंता बढ़ गई। टीचर पर बैड टच का आरोप छात्रा की तलाश के दौरान पिता ने उसके कमरे और स्कूल बैग की जांच की। उन्हें उसकी एक नोटबुक में एक हाथ से लिखा नोट मिला। इस नोट में छात्रा ने अपने स्कूल के शिक्षक ‘विवेक सर’ पर गलत व्यवहार (बैड टच/उत्पीड़न) का आरोप लगाया और लिखा कि वह इस कारण काफी मानसिक तनाव में है। इस खुलासे के बाद परिजनों ने आशंका जताई कि शिक्षक ने ही उनकी बेटी को डरा-धमकाकर गायब किया है या उसका अपहरण कर लिया है। परिजनों ने टीचर विवेक को नामजद करते हुए पुलिस को लिखित आवेदन दिया। रविवार को सदर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार पीड़ित पिता ने सदर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है, क्योंकि एक शिक्षण संस्थान में छात्रा के साथ इस तरह के व्यवहार की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस इस मामले में सदर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सदर थानाध्यक्ष अस्मित कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की एक विशेष टीम छात्रा की बरामदगी के लिए तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि आरोपित शिक्षक से पूछताछ की जाएगी और जल्द ही छात्रा को बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस छात्रा की नोटबुक में मिले नोट की भी फॉरेंसिक जांच करा सकती है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

