गया कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आज जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (बिससूत्री) की एक अत्यंत महत्वपूर्ण व उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह गया जिला के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा शामिल हुए। इनकी अध्यक्षता में मीटिंग हुई। मुजफ्फरपुर हादसे पर सख्त लहजा- कार्रवाई भी होगी, राहत भी मिलेगी मुजफ्फरपुर में हुए हादसे पर गयाजी में विजय सिन्हा ने दुख और संवेदना व्यक्त की है। हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने साफ किया कि सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह सजग व गंभीर है। अधिकारियों को कड़ा संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जो भी इस हादसे के लिए जिम्मेदार या दोषी होंगे, उन पर कानून सम्मत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार की पहली प्राथमिकता हादसे में प्रभावित हुए लोगों को उचित राहत पहुंचाना है। इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्था पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। इस पहली परिचयात्मक बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। बैठक में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, डीएम शशांक शुभंकर, एसएसपी सुशील कुमार सहित स्थानीय विधायक और समिति के सदस्य मौजूद रहे। जमीन पर उतरेंगी योजनाएं प्रभारी मंत्री का जिम्मा संभालने के बाद अपनी पहली ही बैठक में मंत्री विजय कुमार सिन्हा बेहद कड़े और सुधारात्मक तेवर में नजर आए। पूर्व की बैठकों के निर्णयों की समीक्षा करते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। बैठक के एजेंडे पर बात करते हुए उन्होंने मीडिया से कहा कि यह हमारी पहली और परिचयात्मक बैठक थी। इसमें पहले के विकास काम की समीक्षा की गई है। इस बात पर गंभीरता से मंथन हुआ है कि सरकार की योजनाएं बेहतर तरीके से जमीन पर कैसे उतारी जाएं। हमारे बिस सूत्री के सभी सदस्य अब इन योजनाओं की प्रॉपर मॉनिटरिंग करेंगे। उन्होंने कहा कि हम इस पर गंभीरता से काम कर रहे हैं और लंच के बाद एक बार फिर बैठक कर आगे की रणनीति बनाएंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व पर बोले मंत्री- बिना अवकाश देश सेवा में लगे हैं प्रधानमंत्री 10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाने और उनके नेतृत्व से जुड़े सवाल पर विजय कुमार सिन्हा ने उनकी जमकर सराहना की। उन्होंने पीएम मोदी को मां भारती का वरदान बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक वरदान के रूप में मां भारती की संतानों के उत्थान और कल्याण के लिए समर्पित हैं। बिना कोई अवकाश लिए वे विकसित भारत के निर्माण में लगे हुए हैं। उनके इतने लंबे कार्यकाल में उन पर कोई दाग नहीं लगा। पीएम की यह बेदाग छवि हर भारतीय को गौरवान्वित करती है। देश की जनता ईश्वर से कामना करती है कि वे दीर्घायु और स्वस्थ रहें, ताकि वैश्विक पटल पर भारत का मान-सम्मान और स्वाभिमान इसी तरह बढ़ता रहे।

