![]()
मोतिहारी जिले के आदापुर थाना में तैनात दो चौकीदारों पर रिश्वतखोरी और धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दोनों आरोपित चौकीदारों के खिलाफ आदापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष पूजा कुमारी द्वारा मामले की जांच के बाद की गई है। आरोपी चौकीदारों की पहचान भरत कुमार पासवान (चौकीदार संख्या 1/9) और हरिशंकर कुमार उर्फ ललन पटेल (चौकीदार संख्या 1/12) के रूप में हुई है। मोतिहारी पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आदापुर थाना में एक आवेदन के साथ ऑडियो और वीडियो सहित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य प्रस्तुत किए गए थे। नाम हटाने के लिए 32 हजार रुपये की रिश्वत ली थी
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दोनों चौकीदारों ने शराब से जुड़े एक मामले में आवेदक का नाम हटाने के लिए 32 हजार रुपये की रिश्वत ली थी। इसके अतिरिक्त, एक अन्य मामले में 40 हजार रुपये की मांग की गई। जब आवेदक ने यह रकम देने से इनकार किया, तो आरोपितों ने कथित तौर पर उसे देसी कट्टा सटाकर धमकाया और झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने प्रस्तुत किए गए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच की। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आदापुर थाना कांड संख्या 231/26 के तहत दोनों चौकीदारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक बोले- गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
पुलिस ने दोनों आरोपितों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि विभाग में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कानून व्यवस्था में लोगों का विश्वास बना रहे।


