![]()
मोतिहारी पुलिस ने नजमा हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि नजमा की हत्या लूट के दौरान नहीं, बल्कि उसके अपने बेटे ने पैसों के लालच में की थी। इस हत्याकांड का राज मृतका की चप्पल ने खोलने में मदद की। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से लूटी गई रकम तथा हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव निवासी सुमन मियां ने थाने में अपनी पत्नी नजमा की लूट के दौरान हत्या की सूचना दी थी। इस सूचना पर हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डीएसपी रवि कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने मामले की गहनता से जांच की। देखें, मौके से आई तस्वीरें… सिलसिलेवार पढ़ें, पूरा मामला… आलम बार-बार बदल रहा था बयान जांच के दौरान गन्ने के खेत से नजमा का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसके 23 वर्षीय पुत्र आलम हुसैन से पूछताछ की। पूछताछ में आलम लगातार अपने बयान बदल रहा था, जिससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि आलम नशे का आदी है। पुलिस जांच में पता चला कि घटना से एक दिन पहले नजमा समूह का पैसा निकालने अरेराज गई थी। उस दिन वह अपने छोटे बेटे के साथ थी, इसलिए आलम अपनी योजना को अंजाम नहीं दे सका। मां की हत्या के लिए खरीदा चाकू अगले दिन जब उसे जानकारी मिली कि उसकी मां अकेले पैसा निकालने गई है, तो उसने पहले एक चाकू खरीदा और रास्ते में उसकी प्रतीक्षा करने लगा। नजमा के सेवराहा बाजार में टोटो से उतरते ही, आलम उसे अपनी बाइक पर बैठाकर घर ले जाने के बहाने निकल पड़ा। रास्ते में हरसिद्धि थाना क्षेत्र के खोड़ी पाकड़ चिमनी के पास उसने शौच जाने का बहाना बनाया और अपनी मां को गन्ने के खेत में ले गया। वहीं उसने नजमा की हत्या कर दी। वहां उसने चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद चाकू खेत में फेंक दिया, मां के पास मौजूद रुपये लेकर मौके से फरार हो गया। अपहरण और लूट की रची झूठी कहानी
मां की हत्या के बाद आलम ने अपहरण, लूट और हत्या की झूठी कहानी गढ़कर लोगों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि पूछताछ के दौरान उसके बदलते बयानों ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
चप्पल ने खोला हत्या का राज
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि जब पुलिस ने गन्ने के खेत से शव बरामद किया और घटनास्थल की बारीकी से जांच की, तो मृतका और उसके बेटे की चप्पल एक ही स्थान पर मिली। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आलम को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, लूट की रकम तथा घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।
मां के पैसों से करना चाहता था मौज-मस्ती
पूछताछ में आलम ने पुलिस को बताया कि वह मां से लूटे गए पैसों से मौज-मस्ती करना चाहता था और नशे की अपनी लत पूरी करने की योजना बना रहा था। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
