![]()
मोतिहारी के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में गोढ़वा पंचायत के सरपंच की बहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मायके वालों और पुलिस को सूचना दिए बिना शव का चोरी-छिपे अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया। ग्रामीणों की सूचना पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने जलती चिता से शव के अवशेष बरामद किए हैं। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं। मृतका की पहचान गोढ़वा पंचायत के सरपंच शंकर दास के दूसरे बेटे पिंटू कुमार दास की पत्नी प्रिया कुमारी(25) के रूप में हुई है। इस मामले में मृतका के भाई घनश्याम कुमार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मारपीट कर घर से निकालने की दी थी धमकी घनश्याम कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन प्रिया की शादी 5 मई 2018 को पिंटू कुमार दास से हुई थी। शादी के बाद से ही प्रिया को उसके पति पिंटू दास, ससुर शंकर दास, सास आशा देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य (धर्मेन्द्र दास, नीतू देवी, अनीता देवी, लालबाबू दास, शंभू दास, सुदामा दास और सुनील दास) लगातार प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि उसे मारपीट कर घर से निकालने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाया परिजनों के अनुसार, प्रिया अपने दो छोटे बच्चों की परवरिश के लिए यह सब सहती रही। 2 अगस्त को घनश्याम कुमार को सूचना मिली कि उनकी बहन की हत्या कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को घर से करीब दो किलोमीटर दूर ले जाकर गुपचुप तरीके से जलाया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने अधजले शव के अवशेष को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
