![]()
मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर में दिनदहाड़े हुए डकैती कांड का सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा रहा है कि दो बाइक पर सवार पांच की संख्या में अपराधी आते हैं और घर में घुसकर 20 मिनट के अंदर घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। बाइक का नंबर भी फुटेज में साफ दिख रहा है, जिससे पुलिस को अपराधियों तक पहुंचने में आसानी होने की उम्मीद है। 50 लाख से अधिक के आभूषण लूटने का आरोप बता दें कि नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर मानसपुरी वार्ड नंबर 26 में दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने आरडब्ल्यूडी कर्मी अनिल गुप्ता के घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद अनिल गुप्ता ने नगर थाना में आवेदन देकर करीब 50 लाख रुपये से अधिक के आभूषण लूट लेने का आरोप लगाया है। घर में महिला और छोटा बेटा था पीड़िता सीमा गुप्ता ने बताया कि वह घर में थी तभी पांच अपराधी घर में घुस गए और मेरे 15 वर्षीय बेटे विष्णु कुमार की कनपटी पर बंदूक लगाकर बंधक बना लिया। इस दौरान अपराधियों ने करीब 30 मिनट तक घर में लूटपाट की और फिर फरार हो गए। जिसके बाद पड़ोसी के मोबाइल से फोन कर अपने पति को घटना की जानकारी दी। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा – SP पीड़ित परिवार के अनुसार अपराधी घर में लगे सीसीटीवी का हार्ड डिस्क और मोबाइल भी ले गए थे, लेकिन गली में लगे दूसरे सीसीटीवी में उनकी पूरी करतूत कैद हो गई। इस संबंध में एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि लूट की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिससे अपराधियों की पहचान की जा रही है। इसके लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। घटना वाली जगह के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मोतिहारी में RWD कर्मी के घर 5 बदमाशों ने लूटा:CCTV फुटेज में दिखे अपराधी, 50 लाख के गहने लेकर भागे
