![]()
मुजफ्फरपुर में मुहर्रम जुलूस के दौरान वर्दी में दो हाथों से तलवार घुमाकर करतब दिखाना कांटी थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर (एसआई) मो. मुस्तकीम खान को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मामले का संज्ञान लिया और उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज कर दिया है। साथ ही कारण बताओ (शो कॉज) नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। वर्दी में एसआई ने दिखाया करतब बताया गया कि यह वीडियो कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर में मुहर्रम जुलूस के दौरान बनाया गया था। वायरल वीडियो में एसआई मुस्तकीम खान वर्दी में दो तलवारों के साथ करतब करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारी को लाइन क्लोज कर दिया है। उनके खिलाफ शो कॉज जारी किया गया है और विभागीय स्तर पर पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि ड्यूटी के दौरान इस तरह तलवार का प्रदर्शन कर संबंधित पुलिस पदाधिकारी ने पुलिस आचरण संहिता और विभागीय नियमों का उल्लंघन किया है या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


