![]()
जीरकपुर पुलिस ने शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक होटल में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान होटल संचालक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया और तीन युवतियों को रेस्क्यू किया। पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लॉटरी बाजार के पीछे एक रिहायशी इलाके में स्थित होटल में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। इस सूचना के आधार पर जीरकपुर पुलिस ने एक टीम गठित कर होटल पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई और संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद लोगों को हिरासत में लिया गया। तीनों लड़कियों से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रेस्क्यू की गई तीनों युवतियां बिहार और उत्तर प्रदेश की निवासी हैं। आरोप है कि उनसे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस धंधे के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, होटल संचालकों ने कार्रवाई से बचने के लिए होटल का बोर्ड हटा दिया था और गुप्त रूप से यह धंधा चला रहे थे। इस होटल के खिलाफ लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने होटल को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि यदि जांच में मानव तस्करी या किसी संगठित गिरोह के तार सामने आते हैं, तो मामले में और गंभीर धाराएं जोड़ी जाएंगी। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत महसूस की है और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई है।
