![]()
मुजफ्फरपुर पुलिस ने उपेंद्र पासवान की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई की है। उसकी साथ रह रही कामिनी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद कामिनी मौके से फरार हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, वह दो दिनों तक अलग-अलग जगहों पर छिपकर रही और शहर से बाहर भागने की तैयारी में थी। इसी दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में महिला के भागते हुए दिखाई देने के बाद तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। करीब 48 घंटे के अंदर उसे करजा थाना क्षेत्र के मड़वन रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। घटना हियापुर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 की है। मृतक की मां शकुंती देवी के आवेदन पर अहियापुर थाने में 18 सितंबर को कांड संख्या 1478/26 दर्ज किया गया था। इसमें कामिनी देवी को नामजद किया गया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद रविवार को सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी और अब तक की जांच की जानकारी दी। मौत के बाद तुरंत फरार हो गई थी कामिनी पुलिस के अनुसार, उपेंद्र पासवान की मौत की सूचना मिलने के बाद कामिनी देवी मौके से निकल गई थी। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज की जांच की तो उसे घटनास्थल के आसपास से जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटानी शुरू की। जांच में सामने आया कि वह दो दिनों तक अलग-अलग जगहों पर छिपती रही। पुलिस का कहना है कि वह शहर से बाहर निकलने की तैयारी में थी। इसी दौरान तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को मड़वन इलाके में होने की जानकारी मिली। टीम ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मां ने लगाया था हत्या का आरोप उपेंद्र की मौत के बाद उसकी मां शकुंती देवी ने पुलिस को आवेदन देकर कामिनी देवी पर हत्या का आरोप लगाया था। इसी आवेदन के आधार पर अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। परिवार की ओर से बताया गया कि उपेंद्र और कामिनी पिछले कुछ समय से साथ रह रहे थे। दोनों अहियापुर के चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 स्थित शिवशंकर सिंह के मकान में किराए पर रहते थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया। टीम में अहियापुर थाने की पुलिस को भी शामिल किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, नगर एसपी के अनुश्रवण और नगर-2 SDPO के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। चार महीने पहले घर से भागकर आई थी कामिनी जांच के दौरान कामिनी के पारिवारिक और निजी जीवन को लेकर भी जानकारी सामने आई है। मृतक की मां के अनुसार, कामिनी की पहले शादी हो चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। उसका पति पुणे में रहता है। वहीं, पुलिस जांच में यह जानकारी सामने आई है कि करीब चार महीने पहले कामिनी अपने ससुराल से निकलकर उपेंद्र के साथ मुजफ्फरपुर आ गई थी। इसके बाद दोनों चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 में किराये के मकान में साथ रह रहे थे। दूसरी ओर, उपेंद्र भी शादीशुदा था और उसके चार बच्चे हैं। वह अपनी पत्नी और बच्चों से अलग कामिनी के साथ रह रहा था। दूसरे युवक से संबंध को लेकर विवाद की बात पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कामिनी के किसी अन्य व्यक्ति से कथित संबंध को लेकर उपेंद्र और उसके बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद घटना होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि अंतिम रूप से नहीं की है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पूछताछ में बोली- उपेंद्र ने फांसी लगाई कामिनी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में उसने उपेंद्र की मौत को आत्महत्या बताया है। उसके अनुसार, विवाद के बाद उपेंद्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि, पुलिस उसके इस बयान को फिलहाल अंतिम सत्य नहीं मान रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण सामने आएगा। यही वजह है कि पुलिस हत्या के आरोप और आत्महत्या, दोनों एंगल को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। 48 घंटे में गिरफ्तारी, अब मौत की वजह पर जांच सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि घटना के बाद महिला के फरार होने के कारण उसकी तलाश के लिए तकनीकी और मानवीय सूचना का सहारा लिया गया। CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी गतिविधियों का पता लगाया और करजा थाना क्षेत्र के मड़वन रोड से उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उपेंद्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई। क्या उसने खुद फांसी लगाई या उसकी मौत के पीछे कोई दूसरा कारण था, यह पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल कामिनी देवी पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ जारी है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मौत के बाद भागी लिवइन पार्टनर, 48 घंटे में गिरफ्तारी:2 दिन ठिकाने बदलकर छिपी, शहर छोड़ने की थी तैयारी; किराए के मकान में मिली थी युवक की लाश
