Wednesday, July 15, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

यूरोप गए तेजस्वी, पटना में युवा RJD ने बनाई रणनीति:प्रदेश अध्यक्ष बोले- PK को घर में घुसने नहीं देंगे, बांकीपुर सहित 5 मुद्दों पर रहा फोकस


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर ने मैदान में उतर कर लड़ाई रोचक बना दी है। राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता को अपनी पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं का पूरा सपोर्ट नहीं मिल रहा। ऐसे में मंगलवार को पटना स्थित राजद ऑफिस में युवा आरजेडी राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव यूरोप की यात्रा पर हैं। उनकी अनुपस्थिति में पार्टी ने रणनीति बनाई। युवा आरजेडी राज्य कार्यकारिणी की बैठक में क्या हुआ? राजद के नेताओं ने कौन सी मुख्य बातें की? पढ़िए रिपोर्ट..। युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष ने नारा दिया- भाजपा भगाओ, बिहार बचाओ बैठक में कई नेताओं ने बांकीपुर उपचुनाव को राजद और तेजस्वी यादव के लिए प्रतिष्ठा का चुनाव कहा। युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव ने नारा दिया-’ भाजपा भगाओ, बिहार बचाओ।’ वक्ताओं ने बांकीपुर उपचुनाव के बहाने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की भी चर्चा की। आरजेडी नेताओं ने पार्टी की बन रही छवि और संगठन को मजबूत बनाने पर अपनी राय खुल कर रखी। बैठक में इन 5 रणनीति पर रहा फोकस 1-संगठन को मजबूत बनाएगा 4 दिनों का प्रशिक्षण शिविर आरजेडी के वरिष्ठ नेता आलोक मेहता ने कहा, ‘आरजेडी के सभी कार्यकर्ताओं को इस बात का ख्याल रखना चाहिए कि उनका व्यवहार और चरित्र लोगों के बीच किस तरह का हो। सोशल मीडिया का जमाना है और हमारे राजनीतिक दुश्मन इस साजिश में लगे रहते हैं कि आरजेडी और उसके कार्यकर्ताओं को कैसे बदनाम किया जाए।’ आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि युवा आरजेडी का 4 दिनों का प्रशिक्षण शिविर राजगीर में लगाया जाएगा। बिना प्रशिक्षण के संगठन मजबूत नहीं होगा। 2- खींचतान से हम कई जगह हारे, इससे बचना है आरजेडी के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी की हार पर कहा, ‘आरजेडी का वोट बढ़ा है, लेकिन हमें माहौल बनाने की जरूरत है। आरजेडी को रणनीति बनानी होगी। स्थानीय मुद्दों की लड़ाई राजद नेता से अधिक एक सोशल एक्टिविस्ट के रूप में लड़िए और लोगों का विश्वास जीतिए।’ आरजेडी के प्रधान महासचिव व विधायक रणविजय साहु ने कहा, ‘आरजेडी के कार्यकर्ता डायरी और कलम रखना भूल गए हैं। तेजस्वी यादव भी चाहते हैं कि हर कार्यकर्ता अपने पास डायरी और कलम रखे। समाज के लोगों की हर संभव मदद करें। 3- एक पदाधिकारी 100 नए वोटर बनाएं आरजेडी के एमएलसी सुनील कुमार ने कहा, ‘आरजेडी के लिए न आवास मुद्दा है और न सुरक्षा। इन दोनों मुद्दे पर बीजेपी बिहार में लालू परिवार को झुका नहीं सकी। आरजेडी के सांसद और युवा आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय कुशवाहा ने कहा, ‘विधानसभा चुनाव में कई स्थानों पर खींचतान की वजह से आरजेडी की हार हुई। आपस में नेता-कार्यकर्ता अपनी ही पार्टी के नेताओं के बारे में न लिखें। एक पदाधिकारी साथी 100 नए वोटर बनाएं। ये वैसे वोटर हों जो आरजेडी के साथ अभी नहीं हैं और सामाजिक न्याय की विचारधारा से जुड़ना चाहते हैं।’ 4- हर बूथ की जवाबदेही एक युवा नेता ले बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व पार्टी के वरिष्ठ नेता उदय नारायण चौधरी ने कहा, ‘यह ऐसा समय है जब न विधायिका, न कार्यपालिका और न न्यायपालिका है। आज देश में आग लगी हुई है। आर्थिक मंदी, महंगाई और बेरोजगारी है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। 5- सिर्फ यादव और मुसलमान से काम नहीं चलेगा, दाल में तड़का भी जरूरी आरजेडी नेता विश्वनाथ यादव ने कहा कि सिर्फ यादव और मुसलमान से काम नहीं चलेगा। कई जगहों पर कार्यकर्ताओं की नाराजगी से आरजेडी की हार हुई। आरजेडी वोट से चुनाव नहीं हारी, प्रशासनिक तंत्र से, मशीन से और अपने ही कुछ कार्यकर्ताओं की मायूसी और नाराजगी से हारी है। पीके कोशिश कर रहे, हम घर में घुसने नहीं देंगे आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने कहा, ‘नितिन नवीन ने सीट को अपने कब्जे में रखने के लिए कमजोर उम्मीदवार उतारा है।’ जन सुराज के प्रशांत किशोर को भी मंगनी लाल मंडल ने आड़े हाथ लिया। कहा कि पीके हमारे घर में भी घुसने की कोशिश कर रहे हैं पर उनकी चालाकी नहीं चल पा रही है। उन्हें घर में घुसने नहीं देंगे। भय के कारण लालू परिवार के खिलाफ सत्ता पक्ष षड्यंत्र कर रहा है। जीत के लिए माइक्रो लेवल मैनेजमेंट ठीक करना जरूरी आरजेडी नेता खुर्शीद ने कहा, ‘बांकीपुर उपचुनाव की मीटिंग बांकीपुर क्षेत्र में हो, पार्टी कार्यालय में नहीं। सेना को तब बुलाया जाता है जब उसकी जरूरत होती है। उसी तरह युवा नेताओं को आज बांकीपुर उपचुनाव के लिए बुलाया गया है।’ ‘आरजेडी को जीत के लिए माइक्रो लेवल मैनेजमेंट ठीक करना होगा, वहां के कार्यकर्ताओं को शिकायत है। आरजेडी का 25 परसेंट वोट दूर हो गया है। इन सबों को जोड़ना होगा।’ राजद की रेखा गुप्ता अकेली पड़ीं, प्रचार के अंतिम 4 दिन बांकीपुर में दिख सकते हैं तेजस्वी तेजस्वी 24 जुलाई को यूरोप से पटना लौट सकते हैं। बांकीपुर में 28 जुलाई को प्रचार खत्म होगा। इस तरह वह अंतिम के चार दिन बांकीपुर में नजर आ सकते हैं। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव की तबीयत ठीक नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ज्यादा उम्र के चलते ऑफिस से कम ही निकल पाते हैं। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव में राजद की प्रत्याशी रेखा गुप्ता अकेली दिखती हैं। बांकीपुर उपचुनाव में राजद का पूरा दारोमदार फिलहाल स्थानीय नेताओं और जातीय समीकरणों पर टिका है। शीर्ष नेतृत्व की गैरमौजूदगी के चलते प्रचार धीमा है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles