![]()
झारखंड में मानसून की सक्रियता के बीच बारिश का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर के प्रभाव से राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज रांची समेत 15 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, दुमका, देवघर और जामताड़ा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 31 अगस्त को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। एक और दो सितंबर को 17 जिलों में बारिश मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। एक सितंबर को लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं दो सितंबर को दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लगातार सक्रिय मानसून और बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर के कारण आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का प्रभाव राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग रह सकता है। शनिवार को लातेहार में 61 मिमी बारिश इससे पहले शनिवार को भी राज्य के कई इलाकों में बारिश हुई। लातेहार में सबसे अधिक 61 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी। राजधानी रांची में 15 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा देवघर में 19 मिमी, सरायकेला-खरसावां में 13 मिमी, कोडरमा में नौ मिमी, दारीसाई में 27 मिमी, खूंटी में पांच मिमी, सरायकेला में 13 मिमी, जगन्नाथपुर में 11 मिमी तथा हजारीबाग और सिमडेगा में दो-दो मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण राज्य के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिला है। आने वाले दिनों में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर भारी बारिश वाले जिलों में जलजमाव और आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। सामान्य से अब भी 10% कम बारिश झारखंड में मानसून सामान्य तौर पर एक जून से 30 सितंबर तक रहता है। राज्य में एक साल में औसतन करीब 1400 मिमी बारिश होती है। एक जून से 29 अगस्त 2026 तक राज्य में सामान्य रूप से 786.5 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 710.6 मिमी बारिश ही हुई है। इस तरह राज्य में अब भी सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि, कुछ जिलों में बारिश सामान्य से अधिक रही है। रांची में सामान्य से सात प्रतिशत, पश्चिमी सिंहभूम में 44 प्रतिशत, सिमडेगा में पांच प्रतिशत, साहिबगंज में नौ प्रतिशत और खूंटी में दो प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। वहीं पूर्वी सिंहभूम में बारिश सामान्य के करीब पहुंच गयी है। अगले कुछ दिनों में कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए राज्य में बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है।
रांची, खूंटी, रामगढ़ सहित 15 जिलों में आज भारी बारिश:बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर का असर, कल 16 जिलों के लिए ऑरेंज-यलो अलर्ट

