![]()
रांची में 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप के रांची चरण का भव्य आगाज आज होगा। पहली बार इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा रांची शहर ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। समारोह में भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा के साथ झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। फ्लाईपास्ट, आर्मी बैंड, स्काई डाइविंग, खुकरी मार्शल आर्ट, भांगड़ा और पारंपरिक लोकनृत्य दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण होंगे, जिससे पूरा स्टेडियम देशभक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आएगा। दोपहर 2 बजे से खुलेंगे गेट, शाम 5 बजे पहला मुकाबला आयोजकों के अनुसार दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट दोपहर 2:00 बजे से खोल दिए जाएंगे। दोनों टीमों का आगमन दोपहर 3:00 से 3:30 बजे के बीच होगा। इसके बाद 3:40 बजे से प्री-शो की शुरुआत होगी, जिसमें डूरंड कप पर आधारित विशेष ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति दिखाई जाएगी। भारतीय नौसेना प्रमुख, सेना के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि 3:40 से 4:00 बजे के बीच स्टेडियम पहुंचेंगे। शाम 4:00 से 4:35 बजे तक मुख्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जिसमें सेना के बैंड की प्रस्तुति, फ्लाईपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति होगी। इसके बाद स्काई डाइविंग और ब्रास बैंड का प्रदर्शन समारोह का सबसे रोमांचक हिस्सा होगा। उद्घाटन कार्यक्रम के समापन के बाद शाम 5:00 बजे से टूर्नामेंट के रांची चरण का पहला मुकाबला खेला जाएगा। जेएफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच पहला मैच टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें रांची पहुंच चुकी हैं। मैच को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रांची में ग्रुप सी के मुकाबले खेले जाएंगे। जिसमें जमशेदपुर एफसी, एससी दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और डिफेंडर्स एफसी शामिल हैं। फुटबॉल प्रेमियों के बीच इस मुकाबले को लेकर खासा उत्साह है। आयोजकों ने दर्शकों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचें ताकि उद्घाटन समारोह और मैच दोनों का पूरा आनंद ले सकें। सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कई चीजों पर रहेगा प्रतिबंध स्टेडियम में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया गया है। आग्नेयास्त्र, चाकू, कटर, पटाखे, फ्लेयर्स, लाइटर, माचिस, बड़े बैग, बाहर का भोजन, पानी की बोतलें, कांच के कंटेनर, शराब, तंबाकू उत्पाद, ड्रोन, पेशेवर कैमरे, ट्राइपॉड, लैपटॉप और बड़े पावर बैंक लाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा हेलमेट, बड़े छाते, मेगाफोन, एयर हॉर्न, बड़े बैनर और लेजर पॉइंटर जैसी वस्तुएं भी प्रतिबंधित रहेंगी। मैदान, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर और अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
