Tuesday, April 21, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

राजधनवार में 12 वर्षीय बच्चा लापता, ग्रामीण आक्रोशित:ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, कार्रवाई न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी


गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के मायाराम टोला से एक 12 वर्षीय आयुष कुमार रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। घटना के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी बालक का कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में चिंता व आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, आयुष कुमार अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ। बताया गया कि घटना के दिन वह घर के आसपास ही था, लेकिन कुछ देर बाद उसका पता नहीं चला। घर न लौटने पर परिजनों ने आसपास के खेत, बगीचों और मोहल्ले में खोजबीन की। रिश्तेदारों व परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने धनवार थाना में सूचना दी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही
सूचना मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर आयुष कुमार की तलाश शुरू कर दी। पुलिस संभावित स्थानों पर छानबीन कर रही है। आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया गया है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। धनवार थाना प्रभारी सतेंद्र पाल ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आयुष कुमार की सकुशल बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। आयुष कुमार का 36 घंटे बाद भी पता नहीं चलने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य सड़क जाम कर दी। करीब तीन घंटे तक चले इस जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित रहा। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में तेजी लाने और जल्द से जल्द बालक को बरामद करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि संतोषजनक कार्रवाई न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और मामले को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बालक के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत थाना को सूचित करें। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है। परिजन बेसब्री से अपने बच्चे की सुरक्षित वापसी की आस लगाए हुए हैं, जबकि प्रशासन मामले के शीघ्र समाधान का दावा कर रहा है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles