लोहरदगा|झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना के अंतर्गत किसानों के ऑनलाइन पंजीकरण का शुभारंभ मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र, लोहरदगा परिसर में विशेष कैंप लगाकर किया गया। कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, लोहरदगा, जिला प्रबंधक प्रज्ञा केंद्र व कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को योजना की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर किसानों को बताया गया कि योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण के दौरान आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई व किसानों से सभी जरूरी दस्तावेज लेकर अपने निकटवर्ती प्रज्ञा केंद्र में पंजीकरण कराने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि झारखंड राज्य सरकार द्वारा मिलेट फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रति एकड़ 3,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि उन किसानों को मिलेगी, जो मिलेट फसलों की खेती करेंगे। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने मिलेट फसलों की बढ़ती मांग, उनके व्यापारिक महत्व, स्वास्थ्य लाभ व भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मड़वा (रागी) के अलावा किसान ज्वार, बाजरा, कोदो, कंगनी और सांवा जैसी अन्य मिलेट फसलों की खेती कर बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं।


