Sunday, March 29, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

रामनवमी जुलूस में बड़ा हादसा टला:मेदिनीनगर में डीजे जनरेटर में लगी आग, कोयल नदी किनारे बुझाई गई


पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में रामनवमी जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे मोहन सिनेमा के पास एक पूजा क्लब के डीजे साउंड सिस्टम से जुड़े जनरेटर में अचानक आग लग गई। पुलिस की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। यह घटना शहर के भीड़भाड़ वाले मोहन सिनेमा क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही टीओपी वन प्रभारी इंद्रदेव पासवान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत साउंड सिस्टम से जलते हुए डीजे जनरेटर को अलग कराया। जनरेटर में आग अधिक लोड पड़ने के कारण लगी इसके बाद, जलते हुए जनरेटर को कोयल नदी किनारे एक खुले स्थान पर ले जाया गया। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर सफलतापूर्वक काबू पाया गया, जिससे एक बड़े नुकसान की आशंका टल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जनरेटर में आग अधिक लोड पड़ने के कारण लगी थी। इस घटना में डीजे जनरेटर मालिक को लगभग 25 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। जानकारी के मुताबिक, रामनवमी पूजा जुलूस के लिए जेलहाता चौक के पास एक पूजा क्लब द्वारा साउंड सिस्टम निकाला गया था। बिजली आपूर्ति के लिए यह डीजे जनरेटर गुरुवार को रांची से मंगाया गया था। शुक्रवार को नवमी के जुलूस में भी क्लब की ओर से साउंड बजाया जा रहा था। क्लब के सदस्य साउंड बजाते हुए छहमुहान की ओर जा रहे थे, तभी मोहन सिनेमा के पास पहुंचने पर जनरेटर में आग लग गई।

Spread the love

Popular Articles