![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिले के उभरते निशानेबाज और बलदेव साहू महाविद्यालय के छात्र सैफ अख्तर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 0755 इंडिया ओपन प्रतियोगिता (राइफल व पिस्टल) में भाग लेने पहुंचे हैं। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में मध्य प्रदेश स्टेट शूटिंग अकादमी, भोपाल में आयोजित इस प्रतियोगिता में सैफ अख्तर 50 मीटर पिस्टल अथवा 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 22 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। यह प्री-नेशनल स्तर की प्रतियोगिता है। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से निशानेबाज भाग ले रहे हैं। सैफ अख्तर के इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से लोहरदगा के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। जिले के खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि सैफ अपने प्रदर्शन से लोहरदगा का नाम रोशन करेंगे। भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। लोहरदगा जिला शूटिंग क्लब के अध्यक्ष व पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने सैफ अख्तर को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। शशि गुप्ता और विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल ने भी सैफ अख्तर को बधाई दी। उन्होंने प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं। सैफ के कोच सैयद अंसुब अयूब ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतियोगिता में एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ निशाना साधने के लिए प्रेरित किया। बलदेव साहू महाविद्यालय में अध्ययनरत सैफ अख्तर की इस उपलब्धि को जिले के लिए उत्साहजनक माना जा रहा है।
राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने भोपाल पहुंचे लोहरदगा के सैफ अख्तर
