![]()
लोहरदगा, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद् (एनसीईआरटी), नई दिल्ली की ओर से “समतामूलक एवं समावेशी शिक्षा पर शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण मॉड्यूल का विकास विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन आंध्र प्रदेश के बिशाखापत्तनम में 10 व 11 सितंबर को किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व लोहरदगा जिले के राजकीय उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, सालगी के शिक्षक मो. आलमीन अंसारी करेंगे। झारखंड शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद् (जेसीईआरटी), रांची के निदेशक शशि रंजन ने मो. आलमीन अंसारी को राज्य शिक्षा समन्वयक नियुक्त करते हुए सम्मेलन में झारखंड की ओर से प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी सौंपी है। राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि, शिक्षक व विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में समानता, समावेशन तथा सभी वर्गों के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण और समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशिक्षण मॉड्यूल के विकास पर विचार-विमर्श करना है। सम्मेलन में मो. अंसारी झारखंड राज्य में अल्पसंख्यक शिक्षा की वर्तमान स्थिति एवं चुनौतियों विषय पर अपनी प्रस्तुति देंगे। वे राज्य में अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़ी परिस्थितियों, विद्यालयी शिक्षा में उनकी भागीदारी, शिक्षकों के समक्ष आने वाली चुनौतियों तथा समतामूलक एवं समावेशी शिक्षा को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक प्रयासों से संबंधित विषयों को राष्ट्रीय मंच पर रखेंगे। मो. आलमीन अंसारी का राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए चयन होना लोहरदगा जिले के साथ-साथ झारखंड के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है। राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए चयनित होने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी सुनंदा दास चंद्रमौलेश्वर, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सीमा लकड़ा, झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य वारिश कुरैशी, झारखंड राज्य उर्दू शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अमीन अहमद, अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ लोहरदगा के जिलाध्यक्ष मानी उरांव, विद्यालय के प्रधानाध्यापक नसीम अंसारी सहित जिले के अनेक शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने मो. आलमीन अंसारी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। शुभकामना देने वालों में जिले के वरिष्ठ सैय्यद इरफानुल्लाह, विशाल संदीप कुजूर, भगवान सिंह, मो. कबीर अंसारी, एनामुल हक, महबूब आलम, अरविंद कुमार राय, घनश्याम कुजूर समेत अनेक शिक्षक एवं शिक्षा से जुड़े लोग शामिल हैं। सभी ने उम्मीद जताई कि मो. अंसारी राष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड की शिक्षा व्यवस्था, विशेषकर अल्पसंख्यक शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।
राष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे शिक्षक मो. आलमीन अंसारी, सम्मानित किए गए
