![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो रोटरी क्लब चास का 25वां पदस्थापना समारोह गुरुवार को गरिमामय व उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं निष्णा रस्तोगी की गणेश वंदना से हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व जिला गवर्नर रोटेरियन संजीव ठाकुर ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाना है। सेवा, नेतृत्व और मानवीय मूल्यों को अपनाकर ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। क्लब अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आगामी वर्ष की योजनाओं की जानकारी दी और सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। निवर्तमान सचिव श्वेता रस्तोगी ने स्लाइड शो के माध्यम से पिछले वर्ष क्लब द्वारा संचालित सामाजिक परियोजनाओं एवं सेवा कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया। सहायक मंडल अध्यक्ष रोटेरियन पूजा बैद ने अंतरराष्ट्रीय रोटरी के संदेश पर प्रकाश डालते हुए स्थायी व सकारात्मक प्रभाव वाले सेवा कार्यों पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला गवर्नर राजन गंडोत्रा ने कहा कि स्वयं से ऊपर सेवा ही रोटरी की वास्तविक पहचान है। इस अवसर पर रोटरी क्लब चास की 25 वर्ष की सामाजिक यात्रा पर आधारित स्मारिका का विमोचन भी किया गया तथा संस्थापक सदस्यों और सीए बनने पर पियूष राज को सम्मानित किया गया। संचालन डॉ. परिंदा सिंह व केंडी टबोडा ने जबकि धन्यवाद ज्ञापन सचिव मनोज चौधरी ने किया। समारोह में धनबाद व रोटरी मिडटाउन के सदस्य शामिल हुए।
