Sunday, August 16, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

लातेहार में बालू के अवैध उठाव पर सीओ की कार्रवाई:NGT रोक के बाद भी औरंगा नदी से उठा रहे बालू, 8 ट्रैक्टर जब्त किए गए


लातेहार में अवैध बालू उठाव के खिलाफ जिला और पुलिस प्रशासन ने रविवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। एनजीटी की रोक के बावजूद औरंगा नदी से अवैध रूप से बालू निकाल रहे आठ ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। कार्रवाई सीओ नंदकुमार राम के नेतृत्व में नवोदय विद्यालय मार्ग के पास की गई। प्रशासनिक टीम को देखते ही अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया। मौके से जब्त किए गए सभी ट्रैक्टरों को थाने ले जाया गया है। वहां वाहनों के दस्तावेज और बालू उठाव से जुड़े कागजात की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी में थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान, एएसआई छत्रपाल, अंचल कर्मियों के अलावा पुलिस के जवान शामिल थे। प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई के कारण नदी घाट पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हर दिन उठ रहा 25-30 ट्रैक्टर बालू सीओ नंदकुमार राम ने बताया कि छापेमारी के दौरान आठ ट्रैक्टरों को अवैध रूप से बालू उठाते पकड़ा गया। जब्त ट्रैक्टरों के मालिकों में संजीत कुमार, उज्ज्वल गुप्ता, सतेंद्र पासवान, शुभम गुप्ता, पंकज यादव, समृद्ध पासवान, विजय भुईयां और नागेंद्र साव शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर बालू उठाव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासनिक कार्रवाई के बीच यह भी जानकारी सामने आई है कि जहां रविवार को आठ ट्रैक्टर पकड़े गए, वहीं अनुमान के मुताबिक जिले में प्रतिदिन करीब 25 से 30 ट्रैक्टरों से अवैध बालू उठाव किया जाता है। एनजीटी की रोक के बावजूद जिले के विभिन्न नदी घाटों से लगातार अवैध बालू उठाव की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। रविवार को दिन में उठ रहा था बालू बालू कारोबारियों को लगता था कि रविवार को सरकारी कार्यालय बंद रहने के कारण प्रशासनिक कार्रवाई की संभावना कम होगी। इसी धारणा का फायदा उठाकर रविवार को दिनदहाड़े औरंगा नदी से बालू का उठाव किया जा रहा था। इसकी सूचना प्रशासन तक पहुंची तो टीम गठित कर अचानक छापेमारी की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर बालू लदे और बालू उठाव में इस्तेमाल हो रहे आठ ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन का कहना है कि नदी घाटों से नियमों के खिलाफ बालू उठाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। लगातार मिल रही शिकायतों के बीच रविवार की कार्रवाई को अवैध बालू कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में नदी घाटों पर निगरानी बढ़ाने के साथ अवैध बालू उठाव के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles