![]()
दरभंगा में लापता युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत हुई है। मृतक शिवम कुमार (19) है। जहां उसकी लाश मिली है, वहां पर 5 फीट की ऊंचाई पर 11 हजार वोल्ट बिजली का तार गुजर रहा है। आशंका है कि करंट लगने से उसकी मौत हो गई। लाश की सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे। शव उठाने के दौरान करीब 7 लोग बिजली के तार से बाल-बाल बचे, लेकिन शिवम के फूफा फुलवरिया गांव के रहने वाले दिलीप सहनी तार की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाया गया। लाश दरभंगा एम्स के निर्माणाधीन क्षेत्र के पास मिली। जिसका 16 अगस्त को पोस्टमॉर्टम हुआ। चार बहनों का इकलौता भाई था शिवम
शिवम 4 बहनों का इकलौता भाई था और 11वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार, वह नियमित रूप से जिम और दौड़ने के लिए जाता था। शनिवार शाम भी वह जिम और दौड़ने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। घटना घर से करीब 1 किलोमीटर दूर उसकी लाश मिली।
तार की ऊंचाई बढ़ाने की मांग चाचा मनोज सहनी और स्थानीय निवासी सदरे आलम ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि घटनास्थल पर 11 हजार वोल्ट का तार जमीन से महज करीब पांच फीट की ऊंचाई से गुजर रहा था, तो यह बेहद खतरनाक स्थिति है।
परिजनों ने जांच कराने के साथ मुआवजा देने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से घटनास्थल का निरीक्षण कर हाई वोल्टेज तार की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं हो। मौत के कारण की जांच कर रही पुलिस बिशनपुर थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस युवक की मौत के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शिवम किन परिस्थितियों में एम्स के निर्माणाधीन क्षेत्र तक पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई।
