![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा
अग्रवाल सभा, अग्रवाल महिला समिति व अग्रवाल यूथ सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को अग्रसेन जयंती की सुबह स्थानीय अग्रसेन धर्मशाला परिसर से महाराजाधिराज भगवान अग्रसेन की धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। सुसज्जित रथ में विराजमान महाराजा अग्रसेन की सुंदर झांकी के साथ निकली शोभायात्रा के आगे अग्र समाज के 18 गोत्रों के प्रतीक स्वरूप पताका लहराते हुए चल रही थी। इससे शोभायात्रा की शोभा और भी बढ़ रही थी। अग्र समाज के संस्थापक अग्रसेन महाराज की 5150वीं जयंती को लेकर सुबह से ही अग्रसेन भवन में गहमागहमी का माहौल था। सुबह से ही अग्रवाल समाज के लोगों का यहां पहुंचना शुरू हो गया था। शोभायात्रा के साथ वाहनों पर महाराज अग्रसेन के भजन बजते रहे। इनकी धुन से शहर गूंजता रहा। अग्रसेन भवन परिसर में सबसे पहले झंडोत्तोलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा निकाली गई। महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा अग्रसेन भवन से शुरू होकर राणा चौक, तिवारी दुरा, हटिया गार्डन, तेतरतर, चंद्रशेखर आजाद चौक, गुदरी बाजार, अपर बाजार, महावीर चौक, ईस्ट गोला रोड, बरवाटोली, मिशन चौक होते हुए पुनः अग्रसेन भवन पहुंची। शोभायात्रा के दौरान अग्रवाल सभा की महिलाओं, पुरुषों, युवाओं, युवतियों और बच्चों ने महाराजा अग्रसेन पर आधारित कई नारे लगाए। महाराजा अग्रसेन की जय, कुलदेवी माता महालक्ष्मी की जय, एक रुपया एक ईंट, अग्रवाल समाज अमर रहे, जय अग्रोहा जय अग्रसेन, भारत का सपूत कैसा हो, महाराजा अग्रसेन जैसा हो, इत्यादि नारे लगाए गए। हाथों में तलवार लिए महिलाएं व युवतियां शोभायात्रा के आगे-आगे चल रही थीं। इधर अग्रसेन भवन में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। महाआरती की गई। प्रसाद का वितरण किया गया। शोभायात्रा की अगुवाई अग्रवाल सभा के वरिष्ठ लोग कर रहे थे।
