![]()
गोपालगंज में एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना मांझागढ़ थाना क्षेत्र में दानापुर गांव के पास एनएच-27 पर हुई। मृतकों की पहचान मुंगरहा गांव निवासी राजेश साहनी के 24 वर्षीय बेटे जितेश कुमार और उसी गांव के सुजीत प्रसाद यादव के 29 वर्षीय बेटे अनुज कुमार के रूप में की है। दोनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर गोपालगंज शहर में महावीरी अखाड़ा मेला देखने गए थे। देर रात वे मेला देखकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक एनएच-27 पर दानापुर गांव के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही मांझागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एक महीने पहले लौटा था दुबई से जितेश कुमार दुबई में शटरिंग का काम करते थे और करीब एक महीने पहले ही गांव लौटे थे। वह अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे। अनुज कुमार यमुनानगर की एक प्लाईवुड कंपनी में मजदूरी करते थे। वह दो भाइयों में बड़े थे और अपने पीछे पत्नी व दो छोटी बेटियां छोड़ गए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक छा गया और पूरे गांव में गम का माहौल है। सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का हाल बेहाल है। मांझागढ़ पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर टक्कर मारकर भागे अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
वाहन ने बाइक सवार दो मजदूरों को रौंदा, मौत:गोपालगंज में महावीरी अखाड़ा देखकर लौट रहे थे, एक महीने पहले लौटा था दुबई से
