![]()
गयाजी में होलिका दहन की शाम बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने विदेशों में फंसे भारतीयों को लेकर बड़ा भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि दुबई सहित अन्य देशों में फंसे भारतीयों को सकुशल वापस लाने के लिए भारत सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस मसले पर कई देशों से संवाद चल रहा है और जल्द ही राहत की ठोस कार्रवाई दिखेगी।
मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के कारण बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक प्रभावित हुए हैं। इनमें बिहार के लोग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस स्थिति को लेकर गंभीर है। केंद्र स्तर पर लगातार निगरानी हो रही है। विशेष अभियान चलाकर लोगों को वापस लाया जाएगा। उन्होंने परिजनों से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है। भारत सरकार हर नागरिक की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है। जिस तरह पहले यूक्रेन संकट और अन्य देशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया था, उसी तरह इस बार भी सभी को सुरक्षित वापस लाया जाएगा।
राज्यसभा की 5 सीटों पर एनडीए की जीत तय राजनीतिक मुद्दे पर भी संतोष सुमन ने स्पष्ट रुख रखा। उन्होंने कहा कि बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर होने वाले चुनाव में एनडीए की जीत तय है। संख्या बल के आधार पर गठबंधन मजबूत स्थिति में है। इसमें किसी तरह का संशय नहीं है। उन्होंने कहा कि किस दल के कितने उम्मीदवार होंगे, इस पर अंतिम फैसला जल्द हो जाएगा। मंगलवार तक स्थिति साफ हो जाएगी। मंत्री ने दावा किया कि एनडीए के पास पर्याप्त संख्या है और इसी आधार पर सभी पांचों सीटों पर जीत है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव पूरी तरह गणित का है और गठबंधन का गणित मजबूत है। इस मौके पर संतोष सुमन ने होली की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि होली का त्योहार खुशहाली, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और प्रदेशवासियों को उन्होंने होली की बधाई दी।




