![]()
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो रविवार को बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। उनके आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंदिर पहुंचने पर उन्होंने अपने कुल पुरोहित पांडा चक्रवर्ती पंडित के मार्गदर्शन में गादी हनुमान मंदिर के गर्भगृह में विधिवत संकल्प लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने राज्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर उन्होंने भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। गठबंधन पूजा का विशेष अनुष्ठान, भक्तिमय रहा माहौल पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच भक्ति का विशेष माहौल बना रहा। रुद्राभिषेक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने बाबा बैद्यनाथ और माता पार्वती की पारंपरिक गठबंधन पूजा भी संपन्न की। हिंदू परंपरा में इस अनुष्ठान का विशेष महत्व माना जाता है। जिसमें शिव-पार्वती के दांपत्य स्वरूप की आराधना कर परिवार और समाज में सुख-शांति की कामना की जाती है। पूरे अनुष्ठान के दौरान मंत्रोच्चार और धार्मिक विधियों का पालन किया गया, जिससे श्रद्धालु भी आध्यात्मिक वातावरण में डूबे नजर आए। धाम में आकर मिली आत्मिक शांति मीडिया से बातचीत करते हुए रविंद्र नाथ महतो ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की पूजा कर उन्हें अत्यंत शांति का अनुभव हुआ और उन्होंने सभी के कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पवित्र धाम देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है। यहां आकर हर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से झारखंडवासियों और देशवासियों की मनोकामनाएं पूर्ण करने तथा उनके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करने की प्रार्थना की। इस दौरान प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रही और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच उनका पूजा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

