
मेदिनीनगर. राज्य वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति दिनेश कुमार सिंह के कार्यकाल में कराये गये कार्यों का विशेष अंकेक्षण (स्पेशल ऑडिट) कराया जायेगा. यह निर्णय विश्वविद्यालय में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र लिया गया है. उन्होंने कहा गया है कि राज्यपाल संतोष गंगवार को विभिन्न स्रोतों से कुलपति के विरुद्ध वित्तीय अनियमितताओं सहित कई गंभीर शिकायतें प्राप्त हो रही थी. इसके अतिरिक्त वित्तीय सलाहकार अखिलेश शर्मा द्वारा भी विश्वविद्यालय में प्रशासनिक, वित्तीय गड़बड़ियों तथा निविदा निष्पादन में अनियमितता की लिखित शिकायत राज्यपाल को सौंपी गयी थी. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राज्यपाल-सह-कुलाधिपति ने वर्तमान कुलपति के कार्यकाल में कराये गये समस्त व्यय, निविदा प्रक्रिया एवं अन्य वित्तीय निर्णयों का तत्काल विशेष अंकेक्षण कराया जायेगा. राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव से प्राप्त अधियाचना के आलोक में वित्त विभाग के अंकेक्षण निदेशालय के उप-निदेशक द्वारा दो सदस्यीय टीम का गठन किया गया है. इस टीम में उप-लेखा नियंत्रक मतलेब अंसारी और उप-लेखा नियंत्रक अजीत कुमार को शामिल किया गया है. दोनों अधिकारियों को अंकेक्षण प्रारंभ होने की तिथि से एक सप्ताह के भीतर अपनी प्रतिवेदन रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया गया है. इसके अतिरिक्त लेखा नियंत्रक नरेश झा को अंकेक्षक कार्यक्रम में पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है, जो संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे.
The post वीसी डॉ दिनेश सिंह के कार्यों का सोशल ऑडिट का निर्देश appeared first on Prabhat Khabar.




