विस्फोटक बल्लेबाजी और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन से देशभर में चर्चा बटोर रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में सम्मानित किया जाएगा। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि वैभव को विशेष सम्मान दिया जाएगा और उन्हें स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि महज 15 वर्ष की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिस साहस, आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य की नई तस्वीर पेश करता है। उन्होंने कहा कि वैभव केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, फिटनेस और सकारात्मक सोच की जीवंत मिसाल हैं। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, वैभव, भले ही तुम्हारी टीम मैच हार गई हो, लेकिन तुम करोड़ों भारतीयों का दिल जीत चुके हो। मैं स्वयं क्रिकेट का खिलाड़ी रहा हूं, लेकिन इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी गेंदबाजों का जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ सामना करना और लगातार रन बनाना, असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि वैभव ने न सिर्फ अपना नाम रोशन किया है, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे देश का गौरव भी बढ़ाया है। मंत्री ने बताया कि जल्द ही वैभव को झारखंड बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के आंकड़े
आईपीएल 2026 में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। पूरे सीजन में ऑरेंज कैप की दौड़ में शीर्ष स्थान पर रहे। पिछली चार पारियों में तीन बार नर्वस-90 का शिकार हुए। 327 गेंदों में 135 बार गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया, जिनमें 72 छक्के शामिल हैं। {सीजन में छह बार 50 या उससे अधिक रन की पारी खेली। {36 गेंदों में शतक जड़कर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का परिचय दिया। {छह बड़ी पारियों में चार बार 16 गेंद या उससे कम में अर्धशतक पूरा किया। युवाओं को देंगे फिटनेस और स्वास्थ्य का संदेशस्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस, खेल संस्कृति और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश पहुंचाएगा। उनका मानना है कि कम उम्र में मेहनत और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय पहचान बनाने वाले वैभव लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में वैभव भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और विश्व क्रिकेट में देश का नाम रोशन करेंगे। मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आशावादी लोग अधिक धनी, स्वस्थ और खुशहाल होते हैं। – साहिल लविंगिया देश का नंबर 1 अखबार ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष -पूर्णिमा, 2083 12 राज्य ¿ 61 संस्करण रांची, झारखंड, रविवार 31 मई , 2026


