![]()
गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक व्यक्ति हाई वोल्टेज तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। घायल की पहचान गांडेय थाना क्षेत्र के कछेल गांव निवासी विनोद मिश्रा (40) के रूप में हुई है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और सदर अस्पताल में इलाज जारी है। यह घटना स्टेशन परिसर में खड़ी एक मालगाड़ी पर चढ़ने के दौरान हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विनोद मिश्रा किसी कारणवश प्लेटफॉर्म पर खड़ी मालगाड़ी के एक डिब्बे पर चढ़ गए। इसी दौरान वे ऊपर से गुजर रहे 25 हजार वोल्ट के विद्युत तार के बेहद करीब पहुंच गए और अचानक करंट की चपेट में आ गए। तेज धमाके जैसी आवाज के साथ चिंगारी निकली और वे झुलसकर नीचे गिर पड़े। घटना के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई और मौके पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत नीचे उतारा गया और प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार, विनोद मिश्रा के शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विनोद मिश्रा रेलवे स्टेशन किस उद्देश्य से पहुंचे थे और उन्होंने मालगाड़ी पर चढ़ने का जोखिम क्यों उठाया। परिजनों से संपर्क किया गया है, लेकिन घटना के कारणों को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
व्यक्ति हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया:गिरिडीह स्टेशन पर मालगाड़ी पर चढ़ते समय झुलसा, हालत गंभीर
Date:




