गुमला|शादी का वादा कर कथित रूप से यौन शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। रायडीह थाना क्षेत्र की एक युवती ने गुमला थाना में लिखित शिकायत देकर सदर थाना क्षेत्र के टोटो निवासी एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि वह जिला मुख्यालय के एक कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई के दौरान आरोपी युवक के संपर्क में आई थी। दोनों के बीच परिचय धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी करने का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आवेदन के अनुसार, जब युवती ने शादी की बात उठाई तो युवक लगातार बहाने बनाता रहा। बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है। यह जानकारी मिलने के बाद उसने विरोध किया और शादी का दबाव बनाया, लेकिन युवक ने कथित रूप से साफ इनकार कर दिया। घटना से आहत युवती ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। प्राप्त तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


