![]()
नालंदा में एक घर में चोरी हुई है। घर के सभी लोग काम पर निकले हुए थे। इसी दौरान चोर घर में घुसे थे, आसपास के लोगों को घटना की भनक तक नहीं लगी। पीड़िता सुषमा कुमारी चौधरी, जो शिक्षा विभाग नवादा में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वह रोज की तरह सुबह 9 बजे अपनी ड्यूटी पर नवादा गई थीं। जब वह दोपहर तीन बजे वापस लौटीं, तो उन्होंने बाहर से मुख्य दरवाजे को खुला हुआ पाया। दरवाजा खुला देख वह दौड़कर अंदर गईं। घर के अंदर रखे सभी गोदरेज और बक्से खुले हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। अगले साल बेटी की शादी होने वाली थी, उसके लिए जेवर जुटाए थे, जिसे चोर ले गए। घटना लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बैंक कॉलोनी मोहल्ले की है। 15 लाख के जेवरात ले गए चोर पीड़िता के अनुसार, चोरों ने घर से करीब 15 लाख रुपए मूल्य के आभूषण और दो लाख रुपए नगद पर हाथ साफ कर दिया है। आसपास के लोगों को इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी। पीड़िता ने बताया कि बगल में कोचिंग चलने और आसपास के लोगों की आवाजाही के बावजूद चोरों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। घटना की सूचना मिलते ही लहेरी थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को बुलाया गया। पुलिस अज्ञात बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है और लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

