![]()
शेखपुरा में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। परिणाम घोषित होते ही सफल परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले में विज्ञान और कला संकाय में इस्लामिया हाई स्कूल के छात्रों ने सर्वाधिक अंक प्राप्त किए हैं। इस्लामिया हाई स्कूल के कुंदन कुमार ने विज्ञान संकाय में 465 अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। इसी स्कूल की छात्रा अदिति नयन ने कला संकाय में 463 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति में इन दोनों छात्रों को सम्मानित किया। स्कूल के प्रधानाचार्य मो. सईद ने छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विद्यालय गौरवान्वित हुआ है। बरबीघा के प्लस टू राम प्रकाश भागीरथ भगवती चरण उच्च विद्यालय के छात्र रघुवीर शरण ने 464 अंक प्राप्त कर कला संकाय में जिला टॉपर का गौरव हासिल किया। विज्ञान संकाय में उत्क्रमित मध्य विद्यालय सर्वा के आयुष कुमार ने 460 अंक के साथ जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। आयुष शिक्षक पिंकू कुमार के पुत्र हैं। हाई स्कूल बरबीघा के अनुराग कुमार ने 407 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य संकाय में दानी बीघा स्कूल के आर्यन कुमार 438 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर रहे। इसी विद्यालय के फैजल आलम ने 437 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि भदोस पचना उच्च विद्यालय के निरंजन कुमार ने 433 अंक प्राप्त किए। चोर दरगाह के अजीत कुमार ने भी इस परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया है। परीक्षा परिणाम देखने के लिए विभिन्न साइबर कैफे पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावक भी अपने-अपने मोबाइल पर परिणाम देखने में व्यस्त रहे।
शेखपुरा इंटर परीक्षा परिणाम घोषित, कुंदन और रघुवीर जिला टॉपर:विज्ञान में कुंदन 465, कला में रघुवीर 464 अंक लाकर अव्वल
Date:




