![]()
शेखपुर के शेखोपुर सराय प्रखंड कार्यालय में शनिवार देर शाम एक चपरासी का शव लावारिस हालत में बरामद हुआ। 45 वर्षीय मुकेश कुमार सोरेन का शव ब्लॉक कार्यालय के मुख्य गेट के पास एक गुमटी के पीछे झाड़ियों से मिला। घटना की सूचना मिलते ही शेखोपुर सराय थाना अध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी, एएसआई जय कुमार यादव और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की छानबीन शुरू कर दी। प्रखंड के बीडीओ सहित अन्य कर्मी भी खबर सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे। थाना अध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक मुकेश कुमार सोरेन मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर स्थित शामपुर थाना क्षेत्र के कारी घाटी गांव निवासी सुनील सोरेन के पुत्र थे। वह पिछले तीन वर्षों से शेखोपुर सराय प्रखंड कार्यालय में चपरासी के पद पर कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर कोई गंभीर घाव का निशान नहीं मिला है, केवल पैर के एक अंगूठे पर मामूली चोट थी। मुकेश को शनिवार दोपहर तक ब्लॉक कार्यालय के आसपास देखा गया था। छानबीन में यह भी पता चला है कि वह प्रतिदिन शराब का सेवन करता था। पुलिस ने बताया कि मृतक 10-15 दिनों से कहीं गया हुआ था और शनिवार को ही ड्यूटी पर लौटा था। कर्मी की मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। मृतक के परिवार वालों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले दो दिनों के भीतर जिले में पुलिस को पांच लोगों के शव लावारिस अवस्था में बरामद हुए हैं।

