![]()
शेखपुरा में शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित उत्पाद अधीक्षक कार्यालय परिसर में 1134 लीटर देसी और विदेशी शराब नष्ट की गई। यह कार्रवाई मजिस्ट्रेटों की निगरानी में विभिन्न थाना और उत्पाद थाना पुलिस द्वारा जब्त की गई शराब के विनष्टीकरण अभियान के तहत की गई। शराब विनष्टीकरण के दौरान मजिस्ट्रेट चंदन कुमार चक्रवर्ती, उत्पाद अधीक्षक अविनाश प्रकाश और विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। उत्पाद अधीक्षक अविनाश प्रकाश ने बताया कि जब्त की गई शराब को उत्पाद कार्यालय परिसर में एक गड्ढा खोदकर बहाकर नष्ट किया गया। नष्ट की गई कुल शराब में 655 लीटर विदेशी शराब थी, जबकि शेष देसी शराब थी। यह शराब जिले के विभिन्न थाना और स्थानीय उत्पाद थाना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे लगातार छापेमारी अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों से बरामद की गई थी। बरामद सभी शराब को विनष्टीकरण के लिए जिला स्तर पर एकत्रित किया गया था। शराब नष्ट करने से पहले थानावार बरामद शराब का जब्ती सूची से मिलान किया गया। इस अभियान में करंडे थाना पुलिस द्वारा जब्त अंग्रेजी बीयर और शेखोपुर सराय थाना पुलिस व उत्पाद विभाग द्वारा जब्त सर्वाधिक अंग्रेजी शराब को नष्ट किया गया।

