
Mumbai Heavy Rain Video: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 2-7 जुलाई 2026 के दौरान कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के सटे हुए घाट इलाकों में बारिश होने की संभावना है, जिसमें कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी और कुछ अलग-अलग जगहों पर बहुत ज्यादा भारी बारिश हो सकती है. जबकि विदर्भ में 2-4 जुलाई के दौरान आंधी-तूफान, बिजली कड़कने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है.
मुंबई और उसके उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान
आईएमडी ने मुंबई और उसके उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है. साथ ही, गुरुवार रात और शुक्रवार को अत्यधिक भारी बारिश होने का भी अनुमान है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
Heavy Rain Causes Big Flooding Trouble in Mumbai Streets and Roads
Heavy monsoon rain caused severe waterlogging across several parts of Mumbai, flooding roads and disrupting traffic. Vehicles were stranded, and many people had to walk through knee-deep water. Officials issued… pic.twitter.com/bG4shWQbjF
— FOEJ Media (@FoejMedia) July 2, 2026
पिछले 24 घंटे के दौरान मुंबई में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान शहर के कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई. गुरुवार को जारी भारी बारिश के कारण दादर, परेल, हिंदमाता, चारकोप, वर्ली, गोरेगांव और अंधेरी जैसे प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा तथा वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई.
#WATCH | Maharashtra: Severe waterlogging witnessed in parts of Mumbai following heavy rainfall.
(Visuals from the Pratiksha Nagar, Sion) pic.twitter.com/SHrZrxBklz
— ANI (@ANI) July 2, 2026
भारी बारिश के कारण ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित
पटरियों पर जलजमाव के कारण लोकल ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई. रेल यात्रियों ने बताया कि कई लोकल ट्रेन निर्धारित समय से 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही हैं, जिससे सुबह के व्यस्त समय में स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई.
सांताक्रूज में सबसे अधिक 238 मिमी बारिश
बीएमसी के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक वर्षा सांताक्रूज एसडब्ल्यूएम कार्यशाला और भांडुप स्थित एस वार्ड कार्यालय में दर्ज की गई जो 238.8 मिमी मापी गई. इसके बाद पवई के पसपोली नगर निगम विद्यालय में 234.6 मिमी, विक्रोली के टैगोर नगर निगम विद्यालय में 233.2 मिमी, मुलुंड के मिठागर नगर निगम विद्यालय में 226 मिमी, अंधेरी अग्निशमन केंद्र में 225.4 मिमी, परेल स्थित एफ साउथ वार्ड कार्यालय में 222 मिमी और प्रभादेवी के जी साउथ वार्ड कार्यालय में 220.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में मानसून की पहली बारिश, उमस और गर्मी से मिली राहत


