Tuesday, April 28, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल, रामनवमी पर 26 मार्च को 151 किलो लड्डू महाभोग का होगा वितरण

भास्कर न्यूज | हजारीबाग सामाजिक व जनसेवा के कार्यों में सक्रिय हजारीबाग यूथ विंग की एक विशेष बैठक संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन के निवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया ने की, जबकि संचालन सचिव रितेश खंडेलवाल के द्वारा किया गया। बैठक में संस्था के आगामी सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में संस्था के प्रमुख कार्यक्रम एकदिवसीय रक्तदान शिविर को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि आगामी 13 अप्रैल को लक्ष्मी सिनेमा हॉल परिसर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को संस्था की ओर से हेलमेट भेंट किया जाएगा। इस पहल के पीछे एक सकारात्मक और जागरूकता से जुड़ा संदेश है। जिस प्रकार एक रक्तदाता रक्तदान कर किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का कार्य करता है, उसी प्रकार संस्था रक्तदाताओं को हेलमेट भेंट कर उनके स्वयं के जीवन की सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करना चाहती है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोटें सबसे अधिक घातक साबित होती हैं, ऐसे में हेलमेट पहनना जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। रक्तदान शिविर में संग्रहित रक्त को एसबीएमसीएच के ब्लड बैंक को उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं रेड क्रॉस सोसाइटी हजारीबाग का भी विशेष सहयोग प्राप्त होगा। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सह-संयोजक के रूप में गुंजन मद्धेशिया, प्रवेश जैन, जयप्रकाश खंडेलवाल एवं कुश पांडे को जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संस्था द्वारा लगातार पांचवें वर्ष आयोजित किया जाने वाला लड्डू महाभोग वितरण कार्यक्रम इस वर्ष भी भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। रामनवमी के पावन अवसर पर 26 मार्च को महावीर स्थान मंदिर के समीप 151 किलो लड्डू राम भक्तों के बीच वितरित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के प्रभारी के रूप में प्रणीत जैन एवं रितेश खंडेलवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संस्था के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और जागरूकता की भावना को बढ़ावा देना है। वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि संस्था निरंतर सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास कर रही है। इस वर्ष भी रक्तदान शिविर और रामनवमी के अवसर पर आयोजित लड्डू महाभोग कार्यक्रम को भव्य रूप से संपन्न किया जाएगा। बैठक में संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, अध्यक्ष करण जायसवाल, सचिव रितेश खण्डेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया, संस्था मार्दर्शक जय प्रकाश खण्डेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य रोहित बजाज, सत्यनारायण सिंह, प्रवेश जैन, प्रणीत जैन व कैलाश कुमार सहित कई लोग मौजूद रहें। पिछले साल 221 लोगों ने रक्तदान किया : वर्ष 2025 में आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 221 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया था, जबकि वर्ष 2024 में 130 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था। लगातार बढ़ते रक्तदान के आंकड़ों को देखते हुए इस वर्ष के आयोजन को और अधिक भव्य व सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने की योजना बनाई गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles